रामपुर में ओवरलोड वाहनों पर प्रशासन का शिकंजा, पांच दिन में 24 वाहनों पर कार्रवाई

Picture of nationstationnews

nationstationnews

 

  • 10 से अधिक चेक पॉइंट पर सीसीटीवी से निगरानी, 500 से अधिक अधिकारी-कर्मचारी तैनात
  • 13 लाख रुपये से अधिक का जुर्माना वसूला, डीएम ने दिए जीरो टॉलरेंस के निर्देश

रामपुर से शाहबाज़ खान, जिला संवाददाता

रामपुर। जनपद में ओवरलोड वाहनों के खिलाफ जिला प्रशासन ने कार्रवाई तेज कर दी है। ओवरलोडिंग पर अंकुश लगाने और सड़क सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए जिले में 10 से अधिक चेक पॉइंट बनाए गए हैं। इन स्थानों पर सीसीटीवी कैमरों के जरिए निगरानी की जा रही है। जिलाधिकारी अजय कुमार द्विवेदी के मुताबिक, पिछले पांच दिनों में बिना वैध प्रपत्रों के ओवरलोडिंग करने वाले 24 वाहनों के खिलाफ कार्रवाई की गई है। खनन विभाग और परिवहन विभाग की संयुक्त कार्रवाई में 13 लाख रुपये से अधिक का जुर्माना वसूला गया है।

रात आठ बजे से सुबह आठ बजे तक चेकिंग

जिलाधिकारी ने बताया कि ओवरलोडिंग पर प्रभावी नियंत्रण के लिए जनपद स्तरीय टास्क फोर्स का गठन किया गया है। इसके अध्यक्ष जिलाधिकारी हैं, जबकि तहसील स्तर पर संबंधित उपजिलाधिकारी (एसडीएम) और क्षेत्राधिकारी (सीओ) को जिम्मेदारी सौंपी गई है। जिले के विभिन्न चेक पॉइंट पर प्रतिदिन रात आठ बजे से सुबह आठ बजे तक अधिकारी-कर्मचारियों की ड्यूटी लगाई जाती है। इस अभियान में 500 से अधिक अधिकारी-कर्मचारी लगाए गए हैं। चेकिंग व्यवस्था की निगरानी कंट्रोल रूम के माध्यम से की जा रही है।

प्रतिदिन एक हजार से अधिक वाहनों की जांच

डीएम के अनुसार, जनपद में प्रतिदिन एक हजार से अधिक वाहनों की जांच की जा रही है। प्रशासन का दावा है कि लगातार सघन चेकिंग के चलते बिना वैध प्रपत्रों के संचालित होने वाले वाहनों की संख्या में गिरावट आई है। टास्क फोर्स की बैठकों में संबंधित अधिकारियों को ओवरलोडिंग के मामलों में जीरो टॉलरेंस की नीति अपनाने और नियमों का उल्लंघन करने वाले वाहनों के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई करने के निर्देश दिए गए हैं।

जिला प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि ओवरलोडिंग पर नियंत्रण, नियमों का पालन सुनिश्चित करने और सड़क सुरक्षा को मजबूत बनाने के लिए चेकिंग अभियान आगे भी जारी रहेगा।

[wps_visitor_counter]