नौकरी दिलाने के नाम पर ऑनलाइन ठगी, उन्नाव पुलिस ने पीड़ित को वापस कराए पूरे 50 हजार रुपये

Picture of nationstationnews

nationstationnews

 

  • साइबर हेल्प डेस्क की कार्रवाई से युवक को मिली राहत, शिकायत के आधार पर लौटाई गई ठगी की रकम

उन्नाव, उत्तर प्रदेश। नौकरी दिलाने का झांसा देकर ऑनलाइन ठगी करने के मामले में उन्नाव पुलिस ने पीड़ित को बड़ी राहत दिलाई है। कोतवाली सदर की साइबर हेल्प डेस्क ने कार्रवाई करते हुए युवक के खाते में ठगी गई पूरी धनराशि 50 हजार रुपये वापस करा दी। पुलिस की इस कार्रवाई से पीड़ित को आर्थिक राहत मिली है।

पुलिस से प्राप्त जानकारी के अनुसार, पीड़ित आकाश शुक्ला पुत्र संजय कुमार शुक्ला, निवासी पीडी नगर, थाना कोतवाली सदर, जनपद उन्नाव के साथ नौकरी दिलाने के नाम पर ऑनलाइन वित्तीय धोखाधड़ी की गई थी। पीड़ित ने इस संबंध में 8 अक्टूबर 2025 को साइबर पोर्टल पर शिकायत दर्ज कराई थी। शिकायत संख्या 33110250136870 के आधार पर पुलिस ने मामले में कार्रवाई शुरू की।

साइबर हेल्प डेस्क ने वापस कराई पूरी रकम

वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक उन्नाव जय प्रकाश सिंह के निर्देशन में अपराध एवं अपराधियों के विरुद्ध चलाए जा रहे अभियान के तहत कोतवाली सदर की साइबर हेल्प डेस्क ने प्रार्थना पत्र पर नियमानुसार कार्रवाई की। पुलिस ने एमआरएम पोर्टल के माध्यम से आवश्यक प्रक्रिया पूरी करते हुए पीड़ित की ठगी गई पूरी रकम उसके बैंक खाते में वापस करा दी।

नौकरी के नाम पर ठगी से रहें सावधान

इस कार्रवाई से ऑनलाइन वित्तीय धोखाधड़ी के मामलों में समय पर शिकायत दर्ज कराने का महत्व सामने आया है। नौकरी दिलाने के नाम पर पैसे मांगने वाले अनजान व्यक्तियों से सतर्क रहना जरूरी है। किसी भी व्यक्ति या संस्था की सत्यता की जांच किए बिना भुगतान नहीं करना चाहिए। साइबर ठगी होने पर तुरंत 1930 हेल्पलाइन पर कॉल करें या राष्ट्रीय साइबर अपराध पोर्टल पर शिकायत दर्ज कराएं।

नेशन स्टेशन न्यूज़ | nationstationnews.com

[wps_visitor_counter]