- देर रात से सुबह तक चला विशेष अभियान, पांच अन्य डंपरों के चालान; 3.12 लाख रुपये का जुर्माना
- एआरटीओ राजेश कुमार श्रीवास्तव के नेतृत्व में भोट, पटवाई और नवीन मंडी थाना क्षेत्रों में हुई कार्रवाई
रामपुर से शाहबाज़ खान, जिला संवाददाता।
रामपुर। ओवरलोड वाहनों के खिलाफ परिवहन विभाग ने देर रात से सुबह तक विशेष अभियान चलाकर बड़ी कार्रवाई की। एआरटीओ राजेश कुमार श्रीवास्तव के नेतृत्व में चलाए गए अभियान के दौरान ओवरलोड पाए जाने पर छह डंपर-ट्रकों को सीज कर दिया गया, जबकि पांच अन्य डंपरों के चालान किए गए। विभाग की इस कार्रवाई में कुल 3.12 लाख रुपये का जुर्माना लगाया गया।
परिवहन विभाग की टीम ने रात करीब 11:30 बजे से सुबह 7 बजे तक जिले के विभिन्न थाना क्षेत्रों में वाहनों की जांच की। इस दौरान भोट थाना क्षेत्र में दो, पटवाई थाना क्षेत्र में एक और नवीन मंडी थाना क्षेत्र में तीन ओवरलोड डंपरों को सीज किया गया। इसके अतिरिक्त निर्धारित क्षमता से अधिक माल लादकर चल रहे पांच अन्य डंपरों के चालान किए गए।
ओवरलोडिंग से सड़क और पुलों को नुकसान
एआरटीओ राजेश कुमार श्रीवास्तव ने बताया कि ओवरलोडिंग से सड़क दुर्घटनाओं की आशंका बढ़ जाती है। इसके साथ ही भारी वाहनों में निर्धारित क्षमता से अधिक माल लादने के कारण सड़कों और पुलों को भी नुकसान पहुंचता है।
उन्होंने कहा कि शासन के निर्देशों के क्रम में ओवरलोड वाहनों के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा। वाहन स्वामियों और चालकों से अपील की गई है कि वे निर्धारित क्षमता के अनुसार ही माल का परिवहन करें, ताकि सड़क सुरक्षा सुनिश्चित करने के साथ दुर्घटनाओं और सार्वजनिक संपत्ति को होने वाले नुकसान से बचा जा सके।
Nation Station News | nationstationnews.com



