- ऐतिहासिक गुरुद्वारों के दर्शन के लिए भारत आया जत्था, एसजीपीसी अध्यक्ष हरजिंदर सिंह धामी से की मुलाकात
अमृतसर, 27 अक्टूबर। भारत में ऐतिहासिक गुरुद्वारों के दर्शन करने आए पाकिस्तान के 49 सदस्यीय सिख जत्थे ने सोमवार को सचखंड श्री हरमंदिर साहिब में मत्था टेका। इस दौरान संगत ने गुरु साहिब के प्रति अपनी श्रद्धा व्यक्त करते हुए सभी की आत्मिक शांति और सुख-समृद्धि के लिए अरदास की।
दर्शन के बाद जत्थे के सदस्यों ने शिरोमणि गुरुद्वारा प्रबंधक कमेटी (एसजीपीसी) के अध्यक्ष एडवोकेट हरजिंदर सिंह धामी से मुलाकात की। इस अवसर पर एसजीपीसी की ओर से पाकिस्तान से आई सिख संगत को सम्मानित किया गया।
दोनों देशों की सरकारों से खुले वीजा देने की अपील
एसजीपीसी अध्यक्ष एडवोकेट हरजिंदर सिंह धामी ने कहा कि हर साल चार जत्थे पाकिस्तान में स्थित ऐतिहासिक गुरुद्वारों के दर्शन के लिए जाते हैं। वहीं, पाकिस्तान में रहने वाले सिखों की भी भारत के ऐतिहासिक गुरुद्वारों के दर्शन करने की इच्छा रहती है। उन्होंने बताया कि पाकिस्तान से आए सिख पहली बार एक समूह के रूप में भारत पहुंचे हैं।
एडवोकेट धामी ने भारत और पाकिस्तान की सरकारों से अपील की कि दोनों देशों के सिख श्रद्धालुओं को खुलेपन के साथ वीजा उपलब्ध कराया जाए, ताकि वे बिना अनावश्यक बाधाओं के अपनी आस्था के अनुरूप ऐतिहासिक गुरुद्वारों के दर्शन कर सकें।
एसजीपीसी के पदाधिकारी रहे मौजूद
इस अवसर पर ओएसडी सतबीर सिंह धामी, सचिव बलविंदर सिंह काहलवां, अतिरिक्त सचिव भगवंत सिंह धंगेरा, निजी सचिव शहबाज सिंह, उप सचिव हरभजन सिंह वक्ता, जनरल मैनेजर मेजर सिंह, मैनेजर राजिंदर सिंह रूबी सहित अन्य पदाधिकारी मौजूद रहे।
रिपोर्ट: सुरेश रहेजा, प्रवीण कुमार एवं साहिल रहेजा
Nation Station News | nationstationnews.com



