- तीर्थ पुरोहित गंगा सभा ने भगवान श्रीराम के आदर्शों और भ्रातृप्रेम का दिया संदेश
- सनातन संस्कृति के संरक्षण और डलमऊ की धार्मिक परंपराओं को आगे बढ़ाने का लिया संकल्प
डलमऊ, रायबरेली। ब्यूरो चित्रांश श्रीवास्तव।
डलमऊ में तीर्थ पुरोहित गंगा सभा की ओर से पावन भरत मिलाप कार्यक्रम का आयोजन श्रद्धा, भक्ति और हर्षोल्लास के साथ किया गया। धार्मिक एवं सांस्कृतिक वातावरण में आयोजित इस कार्यक्रम में भगवान श्रीराम के प्रति अटूट आस्था व्यक्त करते हुए उनके आदर्शों, भ्रातृप्रेम, त्याग, समर्पण और मर्यादा के संदेश को याद किया गया।
कार्यक्रम में तीर्थ पुरोहित गंगा सभा के अध्यक्ष जनार्दन द्विवेदी, कोषाध्यक्ष धीरज द्विवेदी और उपाध्यक्ष जतन पाठक सहित अमर शास्त्री, अमित मिश्रा, संदीप मिश्रा, प्रशांत द्विवेदी, विमलेश तिवारी समेत अनेक गणमान्य लोग उपस्थित रहे।
इस अवसर पर वक्ताओं एवं उपस्थित जनों ने सनातन संस्कृति के संरक्षण और संवर्धन के साथ डलमऊ की गौरवशाली धार्मिक एवं सांस्कृतिक परंपराओं को आगे बढ़ाने पर जोर दिया। उन्होंने कहा कि भरत मिलाप जैसे धार्मिक आयोजन समाज में आपसी प्रेम, सद्भाव, एकता और आस्था को मजबूत करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।
तीर्थ पुरोहित गंगा सभा ने ऐसे आयोजनों के माध्यम से सनातन परंपराओं को अक्षुण्ण बनाए रखने तथा भगवान श्रीराम के आदर्शों को नई पीढ़ी तक पहुंचाने के संकल्प को दोहराया।
कार्यक्रम के समापन पर प्रभु श्रीराम से सभी के सुख, शांति और समृद्धि की कामना की गई। साथ ही डलमऊ की धार्मिक एवं सांस्कृतिक विरासत के निरंतर विकास की प्रार्थना की गई।
ब्यूरो चित्रांश श्रीवास्तव
रायबरेली, उत्तर प्रदेश



