- आलेख्य सूची पर राजनीतिक दलों से मांगे गए सुझाव, भौतिक सत्यापन और मतदाताओं की संख्या पर भी हुई चर्चा
रायबरेली, 26 अक्टूबर 2026। भारत निर्वाचन आयोग के निर्देशों के क्रम में जनपद में मतदेय स्थलों के संभाजन (पुनर्गठन) की प्रक्रिया को पारदर्शी एवं व्यवस्थित ढंग से संपन्न कराने के उद्देश्य से जिलाधिकारी एवं जिला निर्वाचन अधिकारी सरनीत कौर ब्रोका की अध्यक्षता में कलेक्ट्रेट सभागार में मान्यता प्राप्त राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों के साथ बैठक आयोजित की गई। बैठक में मतदेय स्थलों की आलेख्य सूची पर प्राप्त शिकायतों एवं सुझावों के निस्तारण की समीक्षा की गई।
आलेख्य सूची पर आपत्तियों के निस्तारण पर चर्चा
बैठक में जिलाधिकारी ने बताया कि निर्वाचन आयोग के निर्धारित कार्यक्रम के तहत मतदेय स्थलों की आलेख्य सूची प्रकाशित की गई है। सूची के प्रकाशन के बाद संसद सदस्य, विधानसभा सदस्यों तथा मान्यता प्राप्त राष्ट्रीय एवं राज्य स्तरीय राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों के साथ विचार-विमर्श कर प्राप्त आपत्तियों, शिकायतों और सुझावों का नियमानुसार निस्तारण किया जाना है। इसके बाद निर्धारित प्रक्रिया के अनुसार मतदेय स्थलों की सूची को अंतिम रूप दिया जाएगा।
भौतिक सत्यापन और मतदाताओं की संख्या की हुई समीक्षा
बैठक के दौरान मतदेय स्थलों के भौतिक सत्यापन, मतदाताओं की संख्या तथा नए मतदेय स्थलों के निर्धारण से संबंधित बिंदुओं की समीक्षा की गई। राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों से आलेख्य सूची का अवलोकन कर अपने सुझाव एवं आपत्तियां प्रस्तुत करने को कहा गया। साथ ही निर्वाचन आयोग के दिशा-निर्देशों का अनुपालन सुनिश्चित करते हुए प्राप्त शिकायतों का नियमानुसार निस्तारण करने पर जोर दिया गया।
जिलाधिकारी सरनीत कौर ब्रोका ने कहा कि निर्वाचन संबंधी सभी कार्य निर्धारित मानकों एवं आयोग के दिशा-निर्देशों के अनुरूप निष्पक्ष, पारदर्शी और व्यवस्थित तरीके से पूरे किए जाने चाहिए, ताकि आगामी निर्वाचन की व्यवस्थाओं का सुचारु संचालन सुनिश्चित हो सके।
बैठक में अपर जिलाधिकारी (प्रशासन)/उप जिला निर्वाचन अधिकारी सिद्धार्थ, प्रभारी सहायक जिला निर्वाचन अधिकारी फिरोज अहमद सहित मान्यता प्राप्त राजनीतिक दलों के प्रतिनिधि उपस्थित रहे।
ब्यूरो: चित्रांश श्रीवास्तव, रायबरेली



