रामपुर। जनगणना-2027 की तैयारियों को गति देने के लिए गुरुवार को विकास भवन सभागार में जनपद स्तरीय अधिकारियों को स्वगणना की प्रक्रिया का प्रशिक्षण दिया गया। मुख्य विकास अधिकारी गुलाब चन्द्र की अध्यक्षता में आयोजित कार्यक्रम में मास्टर ट्रेनर्स ने अधिकारियों को स्वगणना के लिए निर्धारित 40 प्रश्नों को भरने की प्रक्रिया विस्तार से समझाई।
ऑनलाइन स्वगणना में प्रत्येक सवाल का सही जवाब देना जरूरी
प्रशिक्षण के दौरान मास्टर ट्रेनर्स ने बताया कि स्वगणना के माध्यम से नागरिक स्वयं ऑनलाइन निर्धारित प्रश्नावली में अपनी जानकारी दर्ज कर सकेंगे। इसके लिए प्रत्येक प्रश्न को ध्यानपूर्वक समझना और सही व पूर्ण विवरण भरना आवश्यक है। अधिकारियों को प्रश्नावली भरने, जरूरी जानकारियां दर्ज करने तथा स्वगणना की प्रक्रिया को निर्धारित तरीके से पूरा करने के बारे में विस्तार से जानकारी दी गई।
विकास योजनाओं के निर्माण में अहम हैं जनगणना के आंकड़े
कार्यक्रम में जनगणना के महत्व और इसकी तैयारियों में विभिन्न विभागों के बीच समन्वय की आवश्यकता पर भी जोर दिया गया। बताया गया कि जनगणना से प्राप्त आंकड़े विकास योजनाओं के निर्माण, जनसंख्या संबंधी आवश्यकताओं के आकलन और संसाधनों के बेहतर नियोजन में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।
मास्टर ट्रेनर्स ने अधिकारियों को स्वगणना की प्रक्रिया की सही जानकारी आम लोगों तक पहुंचाने के लिए प्रेरित किया। प्रशिक्षण का उद्देश्य अधिकारियों को प्रक्रिया से परिचित कराते हुए जनगणना-2027 की तैयारियों को अधिक प्रभावी बनाना रहा।



