बुधनी में भीषण सड़क हादसा, डंपर की टक्कर से पलटी ट्रैक्टर-ट्रॉली; एक महिला की मौत, 24 घायल

Picture of nationstationnews

nationstationnews

 

  • सलकनपुर देवी धाम से दर्शन कर लौट रहे थे श्रद्धालु, सात गंभीर घायलों को भोपाल और चार को नर्मदापुरम किया गया रेफर

बुधनी, मध्य प्रदेश। मध्य प्रदेश के बुधनी में राष्ट्रीय राजमार्ग क्रमांक 46 पर देर रात भीषण सड़क हादसा हो गया। सलकनपुर देवी धाम से दर्शन कर लौट रहे श्रद्धालुओं से भरी ट्रैक्टर-ट्रॉली को भोपाल की ओर से आ रहे तेज रफ्तार डंपर ने टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जोरदार थी कि ट्रैक्टर-ट्रॉली सड़क के बीचोंबीच पलट गई। हादसे में एक महिला की मौत हो गई, जबकि 24 लोग घायल हो गए। घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। पुलिस और एंबुलेंस की मदद से घायलों को अस्पताल पहुंचाया गया।

जानकारी के अनुसार, 15 और 16 अक्टूबर की दरमियानी रात करीब नौ बजे राष्ट्रीय राजमार्ग क्रमांक 46 पर राजपूत ढाबे के समीप यह हादसा हुआ। ट्रैक्टर-ट्रॉली में चालक सहित करीब 25 लोग सवार थे। सभी रायसेन जिले के खपड़िया गांव लौट रहे थे। बताया गया कि श्रद्धालु सलकनपुर स्थित देवी धाम में दर्शन करने के बाद अपने घर जा रहे थे। इसी दौरान भोपाल की ओर से आ रहे डंपर ने ट्रैक्टर-ट्रॉली को टक्कर मार दी।

पुलिस और एंबुलेंस ने संभाला मोर्चा

हादसे की सूचना मिलते ही बुधनी पुलिस और एंबुलेंस मौके पर पहुंचीं। 108 एंबुलेंस और डायल-112 पुलिस वाहन की सहायता से घायलों को सिविल अस्पताल बुधनी पहुंचाया गया। अस्पताल में चिकित्सकों ने 40 वर्षीय भूरी केवट को मृत घोषित कर दिया। हादसे में घायल लोगों का उपचार शुरू किया गया।

11 घायलों को दूसरे अस्पतालों में भेजा

हादसे में गंभीर रूप से घायल सात लोगों को भोपाल के अस्पताल और चार लोगों को नर्मदापुरम रेफर किया गया है। अन्य घायलों का उपचार सिविल अस्पताल बुधनी में जारी है। पुलिस की ओर से डंपर चालक के विरुद्ध मामला दर्ज करने की कार्रवाई की जा रही है।

नवरात्रि के दौरान सलकनपुर देवी धाम में बड़ी संख्या में श्रद्धालु दर्शन के लिए पहुंचते हैं। ऐसे में श्रद्धालुओं से भरी ट्रैक्टर-ट्रॉली के साथ हुए इस हादसे ने कई परिवारों को गहरे सदमे में डाल दिया है।

हमीद बेग, संवाददाता

नेशन स्टेशन न्यूज़ | nationstationnews.com

[wps_visitor_counter]