लखनऊ: CM योगी से जयंत चौधरी की शिष्टाचार भेंट, कल बहराइच में रेल सेवा की देंगे बड़ी सौगात

Picture of nationstationnews

nationstationnews

  • CM योगी से जयंत चौधरी की मुलाकात, 2027 चुनाव की तैयारियों के बीच सियासी हलचल तेज
  • रुपईडीहा से वाराणसी तक दौड़ेगी ट्रेन, भारत-नेपाल सीमा क्षेत्र को मिलेगी बड़ी रेल कनेक्टिविटी
  • बहराइच दौरे पर योगी करेंगे रेल सेवा का शुभारंभ, कई ट्रेनों का नेपालगंज रोड तक होगा विस्तार

लखनऊ। उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ में रविवार को राजनीतिक और प्रशासनिक गतिविधियां तेज रहीं। राष्ट्रीय लोक दल (RLD) के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं केंद्रीय मंत्री जयंत चौधरी ने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ से शिष्टाचार भेंट की। मुख्यमंत्री और जयंत चौधरी की मुलाकात ऐसे समय हुई है, जब प्रदेश में 2027 के विधानसभा चुनाव को लेकर राजनीतिक दलों की तैयारियां तेज हो रही हैं।

वहीं मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ 31 अगस्त को बहराइच के दौरे पर रहेंगे, जहां वह नेपालगंज रोड रेलवे स्टेशन (रुपईडीहा) से रेल सेवाओं के विस्तार का शुभारंभ करेंगे। कार्यक्रम को लेकर प्रशासन और रेलवे ने तैयारियां लगभग पूरी कर ली हैं। जिलाधिकारी और पुलिस अधीक्षक ने कार्यक्रम स्थल, रेलवे स्टेशन, जनसभा स्थल, पार्किंग और अन्य व्यवस्थाओं का स्थलीय निरीक्षण भी किया है।

रुपईडीहा से वाराणसी तक ट्रेन सेवा का शुभारंभ

बहराइच के सीमावर्ती क्षेत्र के लिए मुख्यमंत्री का यह दौरा खास माना जा रहा है। नेपालगंज रोड यानी रुपईडीहा से वाराणसी सिटी तक विशेष ट्रेन का संचालन शुरू किया जाएगा। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ कार्यक्रम स्थल से ट्रेन को हरी झंडी दिखाएंगे, जबकि केंद्रीय रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से कार्यक्रम से जुड़ेंगे।

रेलवे के अनुसार, बहराइच-नेपालगंज रोड रेलखंड के आमान परिवर्तन और विद्युतीकरण का काम पूरा होने के बाद इस मार्ग पर यात्री ट्रेनों के संचालन का रास्ता साफ हुआ है। इस विस्तार से नेपालगंज रोड, रुपईडीहा, बाबागंज, नानपारा, रिसिया और बहराइच समेत सीमावर्ती क्षेत्र के यात्रियों को बेहतर रेल कनेक्टिविटी मिलने की उम्मीद है।

कई ट्रेनों का नेपालगंज रोड तक होगा विस्तार

रेलवे की जानकारी के मुताबिक नेपालगंज रोड तक रेल सेवाओं के विस्तार के साथ वाराणसी-बहराइच एक्सप्रेस, वाराणसी सिटी-गोरखपुर एक्सप्रेस और गोंडा-बहराइच के बीच चलने वाली डीईएमयू ट्रेनों का भी नेपालगंज रोड तक विस्तार किया जा रहा है।

शुभारंभ के लिए विशेष ट्रेन नेपालगंज रोड से वाराणसी सिटी के लिए रवाना होगी। प्रस्तावित मार्ग में नानपारा, रिसिया, बहराइच, पयागपुर, गोंडा, बलरामपुर, तुलसीपुर, बढ़नी, शोहरतगढ़, सिद्धार्थनगर, आनंदनगर और गोरखपुर जैसे प्रमुख स्टेशन शामिल हैं।

भारत-नेपाल सीमा क्षेत्र को मिलेगा फायदा

रुपईडीहा भारत-नेपाल सीमा का महत्वपूर्ण क्षेत्र है। यहां रेल सेवा के विस्तार से न केवल स्थानीय यात्रियों को सुविधा मिलने की उम्मीद है, बल्कि व्यापार, पर्यटन और सीमावर्ती क्षेत्रों में आवागमन को भी बढ़ावा मिलने की संभावना है। लंबे समय से इस क्षेत्र के लोग बेहतर रेल कनेक्टिविटी की मांग कर रहे थे।

लखनऊ में स्वाइन फ्लू से पहली मौत के बाद यूपी अलर्ट, अस्पतालों को आइसोलेशन वार्ड तैयार रखने के निर्देश

रेलवे स्टेशन पर होने वाले कार्यक्रम को लेकर क्षेत्र में उत्साह का माहौल है। कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ और केंद्रीय रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव के माध्यम से क्षेत्र को बड़ी रेल सौगात मिलने जा रही है।

जयंत चौधरी की मुलाकात भी चर्चा में

दूसरी ओर, मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ से जयंत चौधरी की मुलाकात को भी राजनीतिक दृष्टि से महत्वपूर्ण माना जा रहा है। जयंत चौधरी इन दिनों उत्तर प्रदेश में संगठन को मजबूत करने और आगामी विधानसभा चुनाव की तैयारियों को लेकर सक्रिय हैं। रविवार को लखनऊ में RLD का राष्ट्रीय सम्मेलन भी आयोजित किया गया, जिसमें संगठन और 2027 की रणनीति को लेकर चर्चा की गई।

सरकारी जमीन पर अंबेडकर प्रतिमा लगाने को लेकर बवाल, पुलिस पर पथराव

ऐसे में मुख्यमंत्री योगी और जयंत चौधरी की मुलाकात को लेकर सियासी हलकों में भी चर्चाएं तेज हैं। हालांकि, दोनों नेताओं की शिष्टाचार भेंट में किन मुद्दों पर विस्तार से बातचीत हुई, इसकी आधिकारिक जानकारी सामने नहीं आई है।

Our Visitor

1 2 4 5 2 6
Total Users : 124526
Total views : 156893