रामपुर में 17 और 24 अक्टूबर को लगेंगे विशेष मतदाता कैंप, छूटे हुए नाम जुड़वाने का मौका

Picture of nationstationnews

nationstationnews

 

  • पांचों विधानसभा क्षेत्रों के सभी मतदान केंद्रों पर सुबह 10 से शाम 4 बजे तक मौजूद रहेंगे बीएलओ
  • पहली बार मतदान करने वाले युवाओं को भी मिलेगा मतदाता सूची में नाम शामिल कराने का अवसर

रामपुर। मतदाता सूची में नाम दर्ज कराने से वंचित नागरिकों और पहली बार मतदान के लिए पात्र युवाओं को निर्वाचक नामावली में शामिल करने के उद्देश्य से जनपद के सभी मतदान केंद्रों पर 17 और 24 अक्टूबर को विशेष कैंप आयोजित किए जाएंगे। इन कैंपों में सुबह 10 बजे से शाम 4 बजे तक बूथ लेवल अधिकारी (बीएलओ) उपस्थित रहेंगे।

उप जिला निर्वाचन अधिकारी आनन्द कुमार सिंह ने बताया कि भारत निर्वाचन आयोग के निर्देशानुसार यह विशेष अभियान चलाया जाएगा। जनपद के पांचों विधानसभा निर्वाचन क्षेत्रों—34-स्वार, 35-चमरौआ, 36-बिलासपुर, 37-रामपुर और 38-मिलक (अजा)—के प्रत्येक मतदान स्थल पर मतदाताओं की सुविधा के लिए व्यवस्था की गई है।

फोटो और जरूरी दस्तावेज लेकर पहुंचें आवेदक

मतदाता सूची में अपना नाम शामिल कराने के इच्छुक नागरिक नवीनतम फोटो के साथ जन्मतिथि और निवास से संबंधित अभिलेखों की स्वप्रमाणित छायाप्रतियां लेकर कैंप में पहुंचें। यदि परिवार के किसी सदस्य का मतदाता फोटो पहचान पत्र उपलब्ध है, तो उसकी संख्या भी साथ लाने की सलाह दी गई है।

ऑनलाइन आवेदन की भी सुविधा

उप जिला निर्वाचन अधिकारी के अनुसार, मतदाता सूची में नाम दर्ज कराने के लिए संबंधित मतदान केंद्र पर बीएलओ, तहसील कार्यालय अथवा जिला निर्वाचन कार्यालय से निर्धारित फॉर्म प्राप्त किए जा सकते हैं। इसके अलावा निर्वाचन आयोग के ECINET मोबाइल ऐप और आधिकारिक वेबसाइट https://voters.eci.gov.in के माध्यम से ऑनलाइन आवेदन भी किया जा सकता है।

निर्वाचन संबंधी विभिन्न प्रक्रियाओं के लिए फॉर्म-6, फॉर्म-7 और फॉर्म-8 की सुविधा उपलब्ध है। नागरिक अपनी आवश्यकता के अनुसार संबंधित फॉर्म भरकर मतदाता सूची से जुड़ी प्रक्रिया पूरी कर सकते हैं। प्रशासन ने पात्र नागरिकों से विशेष कैंपों का लाभ उठाने और मतदाता सूची में अपना नाम दर्ज कराने की अपील की है।

[wps_visitor_counter]