- फतेहपुर और हिम्मतपुर में पशुपालकों को मिली चिकित्सा सुविधा, कृमिनाशक दवाओं का हुआ वितरण
- पशुधन बीमा, नंदिनी और गो-संवर्धन योजनाओं की दी जानकारी, समय पर टीकाकरण कराने की अपील
नेशन स्टेशन न्यूज़ | रामपुर
शाहबाज़ खान, जिला संवाददाता
रामपुर। जनपद में पशुओं को बेहतर चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराने और पशुपालकों को शासन की कल्याणकारी योजनाओं के प्रति जागरूक करने के उद्देश्य से 13 अक्टूबर को पंडित दीनदयाल पशु आरोग्य मेलों का आयोजन किया गया। चमरौआ विकासखंड के ग्राम फतेहपुर और शाहबाद विकासखंड के ग्राम हिम्मतपुर में आयोजित इन मेलों में कुल 929 पशुओं का पंजीकरण किया गया। पशु चिकित्सकों ने पशुओं की जांच और उपचार करने के साथ पशुपालकों को उनकी देखभाल, बीमारियों से बचाव तथा पशुपालन से जुड़ी सरकारी योजनाओं की जानकारी दी।
ग्राम फतेहपुर में ग्राम प्रधान कमल कुमार और ग्राम हिम्मतपुर में ग्राम प्रधान प्रेम सिंह ने मेले का उद्घाटन किया। दोनों स्थानों पर पशुपालकों ने अपने पशुओं का पंजीकरण कराकर चिकित्सा सेवाओं का लाभ उठाया।
फतेहपुर में 504 और हिम्मतपुर में 425 पशुओं का पंजीकरण
ग्राम फतेहपुर में आयोजित पशु आरोग्य मेले में 504 पशुओं का पंजीकरण किया गया। इनमें 124 पशुओं का उपचार, 217 पशुओं को पेट के कीड़े मारने की दवा, चार पशुओं की सर्जरी, 49 पशुओं का गर्भ परीक्षण, 66 पशुओं का बांझपन संबंधी उपचार और चार पशुओं का कृत्रिम गर्भाधान किया गया।
वहीं, ग्राम हिम्मतपुर में 425 पशुओं का पंजीकरण हुआ। यहां 150 पशुओं का उपचार किया गया, 180 पशुओं को कृमिनाशक दवा दी गई, 60 पशुओं का गर्भ परीक्षण और 27 पशुओं का बांझपन संबंधी उपचार किया गया।
पशु चिकित्सकों ने पशुपालकों को पशुओं में बांझपन के कारण, उसके उपचार और दूध उत्पादन बढ़ाने के उपायों के बारे में विस्तार से जानकारी दी। साथ ही पशुओं को संक्रामक बीमारियों से बचाने के लिए समय पर टीकाकरण कराने और उनके कान में टैग लगवाकर पंजीकरण कराने की अपील की गई।
सरकारी योजनाओं का लाभ उठाकर पशुपालन को बनाएं बेहतर
पशु आरोग्य मेलों में पशुपालकों को पशुधन बीमा, संचारी रोगों से बचाव और नंद बाबा दुग्ध मिशन के अंतर्गत संचालित नंदिनी, मिनी नंदिनी एवं गो-संवर्धन योजनाओं की जानकारी दी गई। अधिकारियों ने बताया कि पशुओं का पंजीकरण होने से सरकारी योजनाओं का लाभ प्राप्त करने में आसानी होती है। पशुपालकों को योजनाओं का लाभ उठाकर पशुओं के स्वास्थ्य, दुग्ध उत्पादन और पशुपालन की आर्थिक स्थिति में सुधार लाने के लिए प्रेरित किया गया।
फतेहपुर में डॉ. रामलखन, डॉ. नौशाद अहमद और डॉ. साक्षी सिंह ने पशुओं की जांच एवं उपचार किया। हिम्मतपुर में डॉ. शशांक नाथ, डॉ. अजीत सिंह और डॉ. जोश कुमार ने पशुओं का परीक्षण कर आवश्यक उपचार किया तथा पशुपालकों को जरूरी परामर्श दिया।
मुख्य पशुचिकित्साधिकारी ए.के. चतुर्वेदी ने बताया कि पशु आरोग्य मेलों का मुख्य उद्देश्य पशुओं को उपचार की सुविधा उपलब्ध कराना और पशुपालकों को सरकारी योजनाओं के प्रति जागरूक करना है। इससे पशुओं को स्वस्थ रखने के साथ पशुपालकों को भी लाभ पहुंचाने में मदद मिलेगी।
नेशन स्टेशन न्यूज़ | nationstationnews.com


