- बिलासपुर मंडी के सभी 17 केंद्रों का किया औचक निरीक्षण, किसान के 80 कुंतल धान की तौल का सत्यापन
- जनपद में कुल 146 धान क्रय केंद्र अनुमोदित, पंजीकरण सत्यापन में तेजी लाने के निर्देश
शाहबाज़ खान, जिला संवाददाता
रामपुर। किसानों से धान खरीद की व्यवस्था को पारदर्शी और सुचारु बनाए रखने के लिए अपर जिलाधिकारी (वित्त एवं राजस्व) आनन्द कुमार सिंह ने जिला खाद्य विपणन अधिकारी प्रिंस चौधरी के साथ बिलासपुर मंडी स्थित धान क्रय केंद्रों का औचक निरीक्षण किया। इस दौरान मंडी के सभी 17 क्रय केंद्रों पर आवश्यक व्यवस्थाएं संतोषजनक पाई गईं। एडीएम ने केंद्र प्रभारियों को निर्देश दिए कि किसानों के धान की तौल निर्धारित नियमों के अनुसार की जाए और खरीद प्रक्रिया के दौरान उन्हें किसी भी प्रकार की परेशानी का सामना न करना पड़े।
किसान के 80 कुंतल धान की तौल का किया सत्यापन
निरीक्षण के दौरान एसकेवीएस बिलासपुर पीसीयू केंद्र पर ग्राम खंडिया निवासी किसान सुरेंद्र कुमार पुत्र रामप्रकाश द्वारा लाए गए लगभग 80 कुंतल धान की तौल का सत्यापन किया गया। मौके पर किसान के धान की तौल होती मिली। इस अवसर पर किसान का माला पहनाकर और मिठाई खिलाकर स्वागत भी किया गया। अधिकारियों ने केंद्र प्रभारियों को निर्देशित किया कि किसानों के साथ उचित व्यवहार किया जाए और खरीद प्रक्रिया में पारदर्शिता बनाए रखी जाए।
पंजीकरण सत्यापन जल्द पूरा कराने के निर्देश
अपर जिलाधिकारी ने धान क्रय केंद्र प्रभारियों को निर्धारित मानकों का पालन सुनिश्चित करने और किसानों को अनावश्यक इंतजार से बचाने के निर्देश दिए। उन्होंने संबंधित उप जिलाधिकारियों से फोन पर वार्ता कर किसानों के पंजीकरण का सत्यापन शीघ्र पूरा कराने को कहा, ताकि सत्यापन के अभाव में धान खरीद की प्रक्रिया प्रभावित न हो।
जनपद में 146 धान क्रय केंद्र अनुमोदित
जिला खाद्य विपणन अधिकारी (डिप्टी आरएमओ) प्रिंस चौधरी ने बताया कि रामपुर जनपद में वर्तमान में 129 धान क्रय केंद्र संचालित हैं। इसके अतिरिक्त 17 नए केंद्रों को अनुमोदन दिया गया है। इस प्रकार जनपद में कुल 146 धान क्रय केंद्र अनुमोदित हो चुके हैं। प्रशासन का जोर इन केंद्रों के माध्यम से किसानों से धान खरीद को सुचारु बनाने, निर्धारित व्यवस्था के अनुसार तौल कराने और किसानों को समय पर सुविधा उपलब्ध कराने पर है।


