रामपुर में जमीन विवाद में हत्या के आरोप में तीन गिरफ्तार, चाकू और खुखरी बरामद

Picture of nationstationnews

nationstationnews

 

  • सिविल लाइंस पुलिस ने नवीगंज फ्लाईओवर के पास से पकड़े तीनों वांछित आरोपी
  • जमीन सस्ते में खरीदने और पैसे न देने की रंजिश में हत्या करने का आरोप, पुलिस पूछताछ में सामने आई वजह

रिपोर्ट । शाहबाज खां जिला संवाददाता रामपुर 

रामपुर। जमीन के विवाद में एक व्यक्ति की गला रेतकर हत्या किए जाने के मामले में थाना सिविल लाइंस पुलिस ने तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस के मुताबिक, गिरफ्तार आरोपियों में नरपत, मक्खन और बंशीधर शामिल हैं। आरोपियों की निशानदेही पर वारदात में इस्तेमाल किया गया एक चाकू और एक खुखरी भी बरामद की गई है।

पुलिस के अनुसार, 3 अक्टूबर 2026 को वादी की लिखित शिकायत के आधार पर थाना सिविल लाइंस में मुकदमा अपराध संख्या 420/2026 के तहत भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 103(1) में नरपत और मक्खन के खिलाफ मामला दर्ज किया गया था। दोनों पर जमीन की रंजिश को लेकर वादी के पिता की गला रेतकर हत्या करने का आरोप था।

विवेचना में तीसरे आरोपी का नाम आया सामने

पुलिस ने बताया कि मामले की विवेचना और साक्ष्य संकलन के दौरान बंशीधर पुत्र कल्याण सिंह निवासी पंजाब नगर, थाना सिविल लाइंस का नाम भी सामने आया। इसके बाद मुकदमे में बीएनएस की धारा 61(2)(A) की बढ़ोतरी की गई।

पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर अपराधियों की गिरफ्तारी के लिए चलाए जा रहे अभियान के तहत थाना सिविल लाइंस पुलिस ने तीनों आरोपियों को मुरादाबाद-बरेली हाईवे पर ग्राम नवीगंज के फ्लाईओवर के पास चेकिंग के दौरान गिरफ्तार किया।

जमीन और पैसों के विवाद में हत्या का आरोप

पुलिस के मुताबिक, पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि मृतक ने बंशीधर को विश्वास में लेकर उसकी जमीन कम कीमत पर खरीद ली थी और पैसे नहीं दिए थे। पुलिस के अनुसार, इसी विवाद और रंजिश के चलते वारदात को अंजाम दिया गया।

नरपत और बंशीधर की निशानदेही पर पुलिस ने घटना में इस्तेमाल किया गया एक चाकू और एक खुखरी बरामद की है। पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ आवश्यक विधिक कार्रवाई की है।

गिरफ्तार आरोपियों के नाम

नरपत पुत्र सुंदर सिंह, निवासी पंजाब नगर, थाना सिविल लाइंस, रामपुर।

मक्खन पुत्र सुंदर सिंह, निवासी पंजाब नगर, थाना सिविल लाइंस, रामपुर।

बंशीधर पुत्र कल्याण सिंह, निवासी पंजाब नगर, थाना सिविल लाइंस, रामपुर।

Nation Station News | nationstationnews.com

[wps_visitor_counter]