- जवाहर पब्लिक इंटर कॉलेज में जनजागरूकता कार्यक्रम आयोजित, महिला सुरक्षा और स्वावलंबन पर दिया जोर
- कन्या सुमंगला, बाल सेवा और पेंशन योजनाओं की बताई आवेदन प्रक्रिया, हेल्पलाइन नंबरों की भी दी जानकारी
रामपुर से शाहबाज़ खान, जिला संवाददाता
रामपुर। मिशन शक्ति 6.0 अभियान के तहत जवाहर पब्लिक इंटर कॉलेज में जनजागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में छात्र-छात्राओं को महिला एवं बाल कल्याण विभाग की विभिन्न सरकारी योजनाओं की जानकारी देते हुए महिला सुरक्षा, सम्मान और स्वावलंबन के प्रति जागरूक किया गया। कार्यक्रम का आयोजन जिलाधिकारी अजय कुमार द्विवेदी के निर्देशन और जिला प्रोबेशन अधिकारी के मार्गदर्शन में किया गया।
कार्यक्रम के दौरान विद्यार्थियों को मुख्यमंत्री कन्या सुमंगला योजना, मुख्यमंत्री बाल सेवा योजना (सामान्य), स्पॉन्सरशिप योजना, वृद्धावस्था पेंशन योजना, छात्रवृत्ति योजना, प्रधानमंत्री मातृ वंदना योजना और सुकन्या समृद्धि योजना के बारे में विस्तार से जानकारी दी गई। अधिकारियों ने योजनाओं की पात्रता, आवेदन प्रक्रिया और आवश्यक दस्तावेजों से संबंधित जानकारी साझा करते हुए पात्र लाभार्थियों को सरकारी योजनाओं का लाभ लेने के लिए आवेदन करने के प्रति प्रेरित किया।
महिला एवं बच्चों की सुरक्षा पर विशेष जोर
कार्यक्रम में महिला एवं बच्चों की सुरक्षा से संबंधित हेल्पलाइन नंबरों की जानकारी भी दी गई। विद्यार्थियों को बताया गया कि जरूरत पड़ने पर संबंधित सहायता सेवाओं का उपयोग कर अपनी समस्याओं के समाधान के लिए मदद ली जा सकती है। अभियान का उद्देश्य महिलाओं और बच्चों को उनके अधिकारों, सुरक्षा उपायों तथा सरकारी सहायता योजनाओं के प्रति जागरूक करना है।
शारदीय नवरात्र के अवसर पर आयोजित यह कार्यक्रम निदेशक, महिला कल्याण, उत्तर प्रदेश की ओर से जारी कार्ययोजना के अनुसार संपन्न हुआ। इसका उद्देश्य महिलाओं और बच्चों की सुरक्षा, सम्मान तथा स्वावलंबन को बढ़ावा देना है।
इस अवसर पर जिला प्रोबेशन कार्यालय की हब डिस्ट्रिक्ट कोऑर्डिनेटर ज्योति शर्मा, जेंडर स्पेशलिस्ट अंजू शर्मा और निदा जैदी सहित विद्यालय की प्रधानाचार्या, शिक्षक-शिक्षिकाएं तथा छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे।



