- अघोषित इमरजेंसी जैसा माहौल बनाया जा रहा है, लोकतांत्रिक आवाज दबाने का आरोप
- ‘हम डरेंगे नहीं, झुकेंगे नहीं’, वोट और चुनावी प्रक्रिया से जुड़े मुद्दों पर संघर्ष जारी रखने का ऐलान
रामपुर से शाहबाज़ खान, जिला संवाददाता
रामपुर/लखनऊ। आम आदमी पार्टी के प्रदेश प्रवक्ता एवं राष्ट्रीय परिषद सदस्य फैसल ख़ान लाला ने आरोप लगाया कि शांतिपूर्ण लोकतांत्रिक धरने में शामिल होने के लिए लखनऊ जा रहे उनके काफिले को देर रात रामपुर के पनवड़िया चौराहे पर पुलिस ने घेराबंदी कर रोक दिया। काफिले को रोके जाने के बाद मौके पर गहमागहमी हुई और फैसल लाला की पुलिस अधिकारियों से तीखी नोकझोंक भी हुई।
फैसल ख़ान लाला पार्टी के सभासदों और संगठन के कार्यकर्ताओं के साथ लखनऊ जा रहे थे। उनके मुताबिक, रास्ते में पुलिस ने काफिले को रोककर आगे बढ़ने नहीं दिया। उन्होंने पुलिस कार्रवाई पर सवाल उठाते हुए पूछा कि शांतिपूर्ण धरने में शामिल होने जा रहे लोगों को किस आदेश के तहत रोका गया। उन्होंने कहा कि लोकतांत्रिक तरीके से अपनी बात रखना और सरकार से सवाल पूछना अपराध नहीं है।
लोकतांत्रिक अधिकारों पर पाबंदी लगाने का लगाया आरोप
फैसल ख़ान लाला ने कहा कि देश में लोकतंत्र को कमजोर करने वाला माहौल बनाया जा रहा है और अघोषित इमरजेंसी जैसी स्थिति दिखाई दे रही है। उन्होंने कहा कि पुलिस की घेराबंदी से लोकतांत्रिक आवाज को दबाया नहीं जा सकता। जनता के सवालों का जवाब रोक-टोक के बजाय लोकतांत्रिक तरीके से दिया जाना चाहिए।
उन्होंने कहा कि जनता के वोट, चुनावी प्रक्रिया और लोकतांत्रिक संस्थाओं से जुड़े मुद्दों पर आवाज उठाना नागरिकों का अधिकार है। आम आदमी पार्टी शांतिपूर्ण तरीके से अपनी बात रखने के लिए प्रतिबद्ध है और किसी भी दबाव में अपने लोकतांत्रिक कार्यक्रम से पीछे नहीं हटेगी।
ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे की मांग पर संघर्ष जारी रखने का ऐलान
फैसल लाला ने कहा, “हम डरेंगे नहीं, झुकेंगे नहीं। लोकतांत्रिक अधिकारों, अभिव्यक्ति की स्वतंत्रता और सवाल पूछने के अधिकार के लिए हमारी आवाज लगातार उठती रहेगी।”
उन्होंने मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे की मांग को लेकर संघर्ष जारी रखने की बात कही। साथ ही पार्टी कार्यकर्ताओं और लोकतंत्र में विश्वास रखने वाले नागरिकों से शांतिपूर्ण एवं संवैधानिक तरीके से अपनी आवाज बुलंद करने की अपील की।
इस दौरान सभासद मोहम्मद ज़फ़र, मोहम्मद यासीन उर्फ गुड्डू, सरफ़राज़ अली उर्फ गुड्डू, हबीब अहमद, आरिफ सिकंदर उर्फ राजू, जिला प्रवक्ता रय्यान खान, एहतेशाम जमील खां, मोहम्मद आलमगीर, शैज़ी खां, नजमी खां, अरहम खां, अज़ान खां और सैफ अली सहित अन्य लोग मौजूद रहे।


