- उपमुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक ने जनपद को प्रशस्ति पत्र और स्मृति चिह्न देकर किया सम्मानित
- जनता दर्शन में कैंसर पीड़ित, दिव्यांग और जरूरतमंद लाभार्थियों को डीएम ने वितरित किए आयुष्मान कार्ड
रामपुर से शाहबाज़ खान, जिला संवाददाता
रामपुर। प्रधानमंत्री जन आरोग्य योजना के अंतर्गत आयुष्मान कार्ड बनाने के मामले में रामपुर ने प्रदेश में प्रथम स्थान हासिल किया है। जनपद में बीते एक वर्ष के दौरान रिकॉर्ड 1 लाख 79 हजार आयुष्मान कार्ड बनाए गए। इस उपलब्धि पर 7 अक्टूबर 2026 को लखनऊ के गोमती नगर स्थित इंदिरा गांधी प्रतिष्ठान में आयोजित राज्य स्तरीय कार्यक्रम में उपमुख्यमंत्री एवं स्वास्थ्य मंत्री ब्रजेश पाठक ने रामपुर को प्रशस्ति पत्र और स्मृति चिह्न देकर सम्मानित किया।
इस उपलब्धि में जिलाधिकारी अजय कुमार द्विवेदी के दिशा-निर्देशन, मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. दीपा सिंह के नेतृत्व और योजना के नोडल अधिकारी डॉ. अजीज हसन अंसारी के प्रयासों की महत्वपूर्ण भूमिका रही। अभियान को सफल बनाने के लिए स्वास्थ्य विभाग के साथ पूर्ति, पंचायती राज और आईसीडीएस विभाग की टीमों ने भी समन्वय के साथ काम किया।
जिलाधिकारी अजय कुमार द्विवेदी ने इस सम्मान को पूरे जनपद के लिए गौरव का विषय बताया। उन्होंने कहा कि यह उपलब्धि विभिन्न विभागों के आपसी तालमेल तथा अधिकारियों और कर्मचारियों की मेहनत एवं समर्पण का परिणाम है। उन्होंने अभियान में योगदान देने वाले सभी अधिकारियों, कर्मचारियों और सहयोगी विभागों को बधाई दी।
जनता दर्शन में कैंसर पीड़ित और दिव्यांगों को मिले कार्ड
जिलाधिकारी ने जनता दर्शन के दौरान जरूरतमंद लाभार्थियों को आयुष्मान कार्ड वितरित किए। इनमें टांडा तहसील के ग्राम पोयली नायक निवासी कैंसर पीड़ित केविन्दर सिंह और मिलक तहसील के राजकुमार माहेश्वरी शामिल रहे। राजकुमार माहेश्वरी के पैर की सर्जरी भी होनी है। इसके अलावा स्वार तहसील क्षेत्र के 100 प्रतिशत दिव्यांग हेमराज और प्रेमशंकर को भी आयुष्मान कार्ड प्रदान किए गए।
आयुष्मान कार्ड मिलने से इन लाभार्थियों को गंभीर बीमारियों के उपचार में आर्थिक राहत मिलने की उम्मीद है। योजना के पात्र परिवारों को निर्धारित नियमों के तहत सूचीबद्ध अस्पतालों में प्रतिवर्ष पांच लाख रुपये तक के कैशलेस उपचार की सुविधा मिलती है। इससे इलाज पर होने वाले खर्च का बोझ कम करने में मदद मिलती है।
रामपुर में अब तक बने 6,91,928 आयुष्मान कार्ड
जनपद में प्रधानमंत्री जन आरोग्य योजना के अंतर्गत अब तक कुल 6,91,928 आयुष्मान कार्ड बनाए जा चुके हैं। एक वर्ष में 1.79 लाख कार्ड बनाने की उपलब्धि और जनता दर्शन के माध्यम से जरूरतमंदों तक कार्ड पहुंचाने की पहल, पात्र लोगों को स्वास्थ्य सुरक्षा उपलब्ध कराने की दिशा में प्रशासन के प्रयासों को दर्शाती है।
जिला प्रशासन और स्वास्थ्य विभाग का लक्ष्य है कि योजना के सभी पात्र लाभार्थियों तक आयुष्मान कार्ड का लाभ पहुंचाया जाए, ताकि आर्थिक कठिनाइयों के कारण किसी भी पात्र व्यक्ति को गंभीर बीमारी के इलाज में परेशानी का सामना न करना पड़े।


