प्रयागराज में Pizza Hut और Domino’s के आउटलेट्स पर छापेमारी, किचन में मिलीं गंभीर खामियां

Picture of nationstationnews

nationstationnews

  • Pizza Hut के किचन में वेज-नॉनवेज की अलग व्यवस्था नहीं, कर्मचारियों के पास ग्लव्स और हेड कवर भी नहीं मिले
  • Domino’s में भी खाद्य सुरक्षा मानकों की अनदेखी, दोनों ब्रांड्स के आउटलेट्स को 14 दिन का नोटिस

खाद्य सुरक्षा विभाग की अचानक जांच में वेज-नॉनवेज के लिए अलग व्यवस्था नहीं मिली, कर्मचारियों के पास नहीं थे जरूरी सुरक्षा उपकरण; 14 दिन का नोटिस

प्रयागराज। शहर में खाद्य सुरक्षा को लेकर खाद्य सुरक्षा विभाग ने मशहूर फूड चेन Pizza Hut और Domino’s के कई आउटलेट्स पर अचानक जांच की। निरीक्षण के दौरान रसोईघरों में स्वच्छता और खाद्य सुरक्षा से जुड़ी कई गंभीर कमियां सामने आईं। विभाग ने संबंधित प्रतिष्ठानों को 14 दिन के भीतर कमियां दूर करने का नोटिस जारी किया है।

Pizza Hut में नहीं थी वेज-नॉनवेज की अलग व्यवस्था

एसपी मार्ग, सिविल लाइंस स्थित Pizza Hut के निरीक्षण में वेज और नॉनवेज खाद्य पदार्थों को तैयार करने और रखने के लिए अलग बर्तन अथवा उचित व्यवस्था नहीं मिली। खाद्य पदार्थों पर दर्ज ‘यूज-बाय डेट’ के बाद समय से निस्तारण की व्यवस्था भी सही नहीं पाई गई।

रसोई में काम करने वाले कर्मचारियों के पास हेड कवर, ग्लव्स और एप्रन भी नहीं थे। पिज्जा की पैकिंग में इस्तेमाल होने वाली सामग्री के फूड-ग्रेड होने का प्रमाणपत्र भी जांच के दौरान प्रस्तुत नहीं किया गया। तैयार पिज्जा को गर्म रखने के लिए इस्तेमाल किया जाने वाला कॉर्क पैड गंदा पाया गया।

एमजी मार्ग, सिविल लाइंस स्थित Pizza Hut आउटलेट में भी जांच के दौरान इसी तरह की कमियां सामने आईं।

SCO में PM मोदी का पाकिस्तान को दो टूक संदेश, पहलगाम हमले का उठाया मुद्दा

Domino’s के किचन में भी मिली लापरवाही

एसपी मार्ग, सिविल लाइंस स्थित Domino’s आउटलेट की जांच में कोल्ड चैंबर के भीतर वेज और नॉनवेज खाद्य पदार्थों को अलग रखने की उचित व्यवस्था नहीं मिली। पिज्जा तैयार करते समय कुछ कर्मचारी हैंड ग्लव्स का इस्तेमाल नहीं कर रहे थे। कर्मचारियों के स्वास्थ्य प्रमाणपत्र भी उपलब्ध नहीं मिले।

जॉर्ज टाउन स्थित Domino’s में भी खाद्य सुरक्षा से जुड़ी कमियां मिलीं। यहां पिज्जा तैयार करने में इस्तेमाल होने वाला कॉर्क पैड भी गंदा पाया गया।

स्वीट हाउस से लिए गए नमूने

खाद्य सुरक्षा विभाग की टीम ने कोरांव बाजार के ड्रमंडगंज रोड स्थित दीपक स्वीट हाउस और कंचन स्वीट हाउस की भी जांच की। दोनों प्रतिष्ठानों से बर्फी और मिल्क केक के नमूने लिए गए।

वहीं देवरा मोड़ स्थित शौर्य स्वीट हाउस को साफ-सफाई के मानकों का पालन नहीं करने पर नोटिस जारी किया गया। लेड़ियारी बाजार में उमाशंकर केसरवानी की दुकान से बेसन के लड्डू का कानूनी नमूना भी लिया गया।

14 दिन में सुधार के निर्देश

खाद्य सुरक्षा विभाग के सहायक आयुक्त डॉ. दीनानाथ यादव ने बताया कि Pizza Hut और Domino’s के संबंधित आउटलेट्स को 14 दिन के भीतर निरीक्षण में मिली सभी कमियों को दूर करने के निर्देश दिए गए हैं।

सवाल यह है कि बड़े ब्रांड के नाम पर चल रहे इन आउटलेट्स की रसोई में अगर बुनियादी खाद्य सुरक्षा मानकों का पालन नहीं हो रहा था, तो आम ग्राहकों की सेहत की निगरानी आखिर कितनी सख्ती से हो रही है?

Our Visitor

1 2 4 5 1 9
Total Users : 124519
Total views : 156879