पत्रकार एसोसिएशन की बैठक में अनुशासनहीनता पर भी सख्ती, अनुपस्थित पदाधिकारियों को नोटिस देने का निर्णय
मेरठ/बागपत। राष्ट्रीय ग्रामीण अंचलीय पत्रकार एसोसिएशन की बैठक शनिवार को पश्चिमी उत्तर प्रदेश प्रभारी चौधरी यशपाल चौधरी के क्षेत्रीय कार्यालय पर आयोजित की गई। बैठक में संगठन के नाम पर कथित रूप से फर्जी पदाधिकारियों की घोषणा कर लोगों को गुमराह करने का मामला प्रमुखता से उठाया गया। कार्यकारिणी ने ऐसे लोगों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की मांग करते हुए प्रस्ताव पारित किया।
बैठक की अध्यक्षता राष्ट्रीय अध्यक्ष अनिल चौधरी ने की, जबकि संचालन संगठन के संरक्षक दिनेश जैन ने किया। बैठक में पदाधिकारियों ने आरोप लगाया कि कुछ लोग संगठन के नाम पर बैठकें आयोजित कर अध्यक्ष, उपाध्यक्ष जैसे पदों पर नियुक्तियों की कथित रूप से फर्जी घोषणाएं कर रहे हैं। इसे संगठन के नियमों के विरुद्ध बताते हुए संबंधित लोगों के खिलाफ आवश्यक कानूनी कार्रवाई किए जाने का प्रस्ताव पारित किया गया।
अनुपस्थित पदाधिकारियों को नोटिस, संगठन विरोधी गतिविधियों पर भी कार्रवाई
बैठक में संगठन की कार्यप्रणाली और अनुशासन को लेकर भी चर्चा हुई। लगातार बैठकों में अनुपस्थित रहने वाले पदाधिकारियों को नोटिस जारी करने का प्रस्ताव पारित किया गया। इसके साथ ही संगठन विरोधी गतिविधियों में संलिप्त पाए जाने वाले लोगों के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई करने पर भी जोर दिया गया।
बैठक में संरक्षक दिनेश जैन, राष्ट्रीय अध्यक्ष अनिल चौधरी, उपाध्यक्ष धर्मपाल गिरी, उप सचिव विश्व बंधु शास्त्री, संगठन मंत्री प्रमोद उपाध्याय, कानूनी सलाहकार दीपक अग्रवाल, दयाचंद वर्क, वीरेश तरार, मनोज कलीना, पश्चिमी उत्तर प्रदेश अध्यक्ष यशपाल सिंह, जिलाध्यक्ष संजीव तोमर, मनोज उज्ज्वल और पंकज शर्मा सहित अन्य पदाधिकारी उपस्थित रहे।
— विश्व बंधु शास्त्री



