- 13.30 करोड़ रुपये से होगा वाटर सप्लाई सिस्टम का विकास, 10.65 करोड़ रुपये की लागत से बनेगा नहर आधारित वाटर ट्रीटमेंट प्लांट
बठिंडा, 9 अक्टूबर। पंजाब के बठिंडा जिले के कोठा गुरु गांव में पेयजल व्यवस्था को मजबूत करने के लिए 23.95 करोड़ रुपये की लागत वाले वाटर सप्लाई प्रोजेक्ट्स का शुभारंभ किया गया। रामपुरा फूल के विधायक बलकार सिंह सिद्धू ने इन परियोजनाओं की शुरुआत करते हुए कहा कि मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान के नेतृत्व में राज्य सरकार गांवों, शहरों और कस्बों के विकास के लिए लगातार काम कर रही है। परियोजना के तहत करीब 2,000 घरों को मुफ्त पानी के कनेक्शन उपलब्ध कराए जाएंगे।
विधायक बलकार सिंह सिद्धू ने बताया कि इन परियोजनाओं में 13.30 करोड़ रुपये की लागत से वाटर सप्लाई व्यवस्था के विकास कार्य किए जाएंगे, जबकि 10.65 करोड़ रुपये की लागत से नहर आधारित वाटर ट्रीटमेंट प्लांट स्थापित किया जाएगा। इसके अलावा एक लाख गैलन क्षमता वाली पानी की टंकी भी तैयार की जाएगी। इन कार्यों का उद्देश्य गांव के लोगों को बेहतर पेयजल सुविधा उपलब्ध कराना और पानी की आपूर्ति व्यवस्था को मजबूत बनाना है।
बुनियादी सुविधाओं को बेहतर बनाने पर जोर
विधायक बलकार सिंह सिद्धू ने कहा कि क्षेत्र की बुनियादी जरूरतों को ध्यान में रखते हुए विकास कार्य कराए जा रहे हैं। उन्होंने इन परियोजनाओं के लिए धनराशि उपलब्ध कराने पर मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान का आभार जताया। उन्होंने कहा कि क्षेत्र के विकास और लोगों को जरूरी सुविधाएं उपलब्ध कराने के लिए प्रयास जारी रहेंगे।
इस अवसर पर पंजाब वाटर सप्लाई विभाग के चेयरमैन डॉ. सनी आहलूवालिया ने कहा कि परियोजना पूरी होने के बाद कोठा गुरु के बड़ी संख्या में परिवारों को लाभ मिलेगा। इससे पेयजल व्यवस्था को मजबूती मिलेगी और लोगों की पानी से जुड़ी जरूरतों को पूरा करने में मदद मिलेगी। उन्होंने कहा कि लोगों की सुविधाओं और क्षेत्र के विकास को प्राथमिकता देते हुए काम जारी रखे जाएंगे।
कार्यक्रम में नगर सुधार ट्रस्ट बठिंडा के चेयरमैन जतिंदर सिंह भल्ला, नगर पंचायत अध्यक्ष बूटा सिंह, नगर पंचायत के सभी सदस्य, स्थानीय नेता और बड़ी संख्या में ग्रामीण मौजूद रहे।
बठिंडा से सुरेश रहेजा, प्रवीण कुमार एवं साहिल रहेजा की रिपोर्ट।


