- कुद्दीपुर मोड़ पर हादसे से मचा हड़कंप, एक परिवार में छाया मातम; घायल किशोर लोहिया अस्पताल रेफर
मोहम्मद इसरार, जिला संवाददाता
फर्रुखाबाद। नवाबगंज थाना क्षेत्र के कुद्दीपुर मोड़ पर दो बाइकों की आमने-सामने भिड़ंत में 20 वर्षीय युवक की मौत हो गई, जबकि दूसरी बाइक पर सवार 16 वर्षीय किशोर गंभीर रूप से घायल हो गया। हादसे की सूचना मिलते ही परिजनों में चीख-पुकार मच गई। पुलिस ने मृतक के शव का पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
मृतक की पहचान शमशाबाद थाना क्षेत्र के अलीपुर गांव निवासी परम सिंह के 20 वर्षीय पुत्र अंकुल के रूप में हुई है। वहीं, हादसे में गंभीर रूप से घायल किशोर की पहचान मोहम्मदाबाद कोतवाली क्षेत्र के शेखपुरा खजुरिया निवासी कैलाश चंद्र के 16 वर्षीय पुत्र सुमित के रूप में हुई है।
काम से लौटते समय हुआ हादसा
मृतक अंकुल के पिता परम सिंह ने बताया कि उनका बेटा कारचोब का काम करता था। काम के सिलसिले में वह अचरा गया था। वहां से वापस लौटते समय कुद्दीपुर मोड़ के पास उसकी बाइक सामने से आ रही दूसरी बाइक से टकरा गई। हादसे में अंकुल गंभीर रूप से घायल हो गया। अस्पताल में डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
बेटे की मौत की खबर मिलते ही पिता परम सिंह, मां सुनीता और अन्य परिजन अस्पताल पहुंच गए। परिवार का रो-रोकर बुरा हाल है। परिजनों के मुताबिक, अंकुल पांच भाई-बहनों में सबसे बड़ा था। उसकी मौत से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है।
बहन को लेने जा रहा था घायल किशोर
दूसरी ओर, घायल सुमित के परिजनों ने बताया कि वह कायमगंज कोतवाली क्षेत्र के प्रेम नगर गांव से अपनी बहन को लेने के लिए बाइक से जा रहा था। इसी दौरान कुद्दीपुर मोड़ के पास दोनों बाइकों की भिड़ंत हो गई।
हादसे में सुमित गंभीर रूप से घायल हो गया। उसे प्राथमिक उपचार के बाद गंभीर हालत में लोहिया अस्पताल के लिए रेफर कर दिया गया।


