- जनवरी 2027 को 18 वर्ष की उम्र पूरी करने वाले युवाओं को मिलेगा नया वोट बनवाने का अवसर
- वोटर लिस्ट में नाम, पता और अन्य जानकारियों में गलती मिलने पर सुधार कराने की अपील
बठिंडा, 21 अक्टूबर। जिला निर्वाचन अधिकारी-कम-डिप्टी कमिश्नर राजेश धीमान ने मतदाताओं से अपील की है कि वे विशेष सुधार प्रक्रिया के तहत मतदाता सूची में अपना नाम, पता और अन्य विवरणों की जांच कर लें। मतदाता सूची को सही, पारदर्शी और त्रुटिरहित बनाने के उद्देश्य से 25 अक्टूबर को सुबह 10 बजे से जिले के प्रत्येक मतदान केंद्र पर विशेष कैंप लगाए जाएंगे।
जिला निर्वाचन अधिकारी ने बताया कि इन कैंपों का उद्देश्य मतदाता सूची में आवश्यक सुधार करना और पात्र नागरिकों को मतदाता सूची में नाम दर्ज कराने के लिए जागरूक करना है। खासतौर पर वे युवा, जो 1 जनवरी 2027 को 18 वर्ष की आयु पूरी करेंगे, इस प्रक्रिया का लाभ उठाकर नया वोट बनवाने के लिए आवश्यक कार्रवाई कर सकते हैं।
उन्होंने मतदाताओं से कहा कि वे अपनी मतदाता संबंधी जानकारी ध्यानपूर्वक जांचें। नाम, पता या अन्य विवरणों में किसी तरह की त्रुटि मिलने पर संबंधित अधिकारियों से संपर्क कर उसे ठीक करवाएं, ताकि भविष्य में मतदान के दौरान किसी प्रकार की परेशानी न हो।
प्रशासन ने अधिकारियों को दिए निर्देश
डिप्टी कमिश्नर राजेश धीमान ने कहा कि मतदाता सूची में सुधार के लिए लोगों की भागीदारी सुनिश्चित करना प्रशासन की प्राथमिकता है। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को निर्वाचन आयोग के निर्देशों के अनुसार सभी आवश्यक व्यवस्थाएं समय पर पूरी करने को कहा, जिससे कैंपों में पहुंचने वाले नागरिकों को किसी तरह की असुविधा न हो।
उन्होंने सभी पात्र नागरिकों से लोकतंत्र को मजबूत बनाने के लिए मतदाता सूची को दुरुस्त रखने में सक्रिय सहयोग देने की अपील की।
(बठिंडा से सुरेश रहेजा, प्रवीण कुमार और साहिल रहेजा)



