- गीला-सूखा कचरा अलग रखने और सिंगल यूज प्लास्टिक से बचने का दिया संदेश
- सफाई की शपथ के साथ निकाली जागरूकता रैली, स्वच्छ पर्यावरण के लिए विद्यार्थियों को किया प्रेरित
बठिंडा, 19 अक्टूबर। ‘स्वच्छता ही सेवा’ अभियान के तहत लिटिल फ्लावर पब्लिक सीनियर सेकेंडरी स्कूल, बठिंडा में ठोस कचरा प्रबंधन (सॉलिड वेस्ट मैनेजमेंट) को लेकर जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य विद्यार्थियों को स्वच्छता, कचरे के उचित निस्तारण और पर्यावरण संरक्षण के प्रति जागरूक करना था।
नगर निगम आयुक्त लवजीत कलसी ने कहा कि बच्चों को स्वच्छता और कचरे के सही प्रबंधन के महत्व की जानकारी देना जरूरी है, ताकि वे साफ-सफाई को अपनी रोजमर्रा की जिंदगी का हिस्सा बना सकें। उन्होंने कहा कि जागरूक विद्यार्थी अपने परिवार और समाज को भी स्वच्छता के प्रति प्रेरित कर सकते हैं।
कार्यक्रम के दौरान नगर निगम की टीम ने विद्यार्थियों को गीले और सूखे कचरे को अलग-अलग रखने, कचरे को निर्धारित स्थान पर डालने, सिंगल यूज प्लास्टिक का इस्तेमाल कम करने और उपयोगी वस्तुओं का दोबारा इस्तेमाल करने के बारे में जानकारी दी। विद्यार्थियों को समझाया गया कि कचरे का उचित प्रबंधन न केवल आसपास के वातावरण को स्वच्छ रखता है, बल्कि स्वस्थ समाज के निर्माण में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाता है।
इस अवसर पर विद्यार्थियों ने स्वच्छता बनाए रखने की शपथ ली। इसके बाद जागरूकता रैली निकाली गई, जिसके माध्यम से आम लोगों को साफ-सफाई अपनाने, गीले और सूखे कचरे को अलग रखने तथा प्लास्टिक का उपयोग कम करने का संदेश दिया गया।
कार्यक्रम के माध्यम से विद्यार्थियों को यह संदेश दिया गया कि स्वच्छता केवल किसी अभियान तक सीमित नहीं होनी चाहिए, बल्कि इसे प्रत्येक व्यक्ति की दैनिक आदत और सामाजिक जिम्मेदारी बनाया जाना चाहिए।
बठिंडा से सुरेश रहेजा, प्रवीण कुमार एवं साहिल रहेजा की रिपोर्ट।



