रामपुर जेल में आजम खान से ED की छह घंटे पूछताछ, जौहर ट्रस्ट के लेनदेन पर भी उठे सवाल

Picture of nationstationnews

nationstationnews

 

  • अधिवक्ता काशिफ कामरान का दावा—पूछे गए सवालों के जवाब दिए; अब्दुल्ला आजम से पूछताछ नहीं हुई

रामपुर। समाजवादी पार्टी के वरिष्ठ नेता आजम खान से मंगलवार को रामपुर जेल में प्रवर्तन निदेशालय (ED) की टीम ने करीब छह घंटे तक पूछताछ की। सुबह 10 बजे शुरू हुई पूछताछ शाम चार बजे तक चली। इसके बाद ईडी की टीम जेल से बाहर निकल गई। आजम खान के अधिवक्ता काशिफ कामरान ने दावा किया कि पूछताछ के दौरान एजेंसी की ओर से पूछे गए सवालों के जवाब दिए गए हैं। उन्होंने यह भी कहा कि अब्दुल्ला आजम से कोई पूछताछ नहीं हुई।

जौहर ट्रस्ट के वित्तीय लेनदेन पर अधिवक्ता ने रखी अपनी बात

आजम खान और अब्दुल्ला आजम से मुलाकात के बाद अधिवक्ता काशिफ कामरान ने पत्रकारों से बातचीत में कहा कि ईडी की पूछताछ पूरी हो चुकी है। उनके मुताबिक, एजेंसी ने अपनी शंकाओं से जुड़े सवाल पूछे और आजम खान ने उनके जवाब दिए। अधिवक्ता ने कहा कि पूछताछ में कोई विशेष सवाल नहीं था।

मोहम्मद अली जौहर ट्रस्ट से जुड़े कथित वित्तीय लेनदेन और अनियमितताओं के सवाल पर अधिवक्ता ने आरोपों को खारिज करते हुए कहा कि ट्रस्ट में चंदे की कोई चोरी नहीं हुई है। उनके अनुसार, लोगों से प्राप्त धन का हिसाब-किताब उपलब्ध है और संबंधित जानकारी पहले भी ईडी तथा आयकर विभाग को दी जा चुकी है।

मनी लॉन्ड्रिंग से जुड़े सवालों पर भी अधिवक्ता ने कहा कि ईडी ने जो जानकारी मांगी थी, उसके जवाब दे दिए गए हैं। हालांकि, पूछताछ के संबंध में ईडी की ओर से कोई आधिकारिक बयान सामने नहीं आया है। ऐसे में पूछताछ के निष्कर्ष और एजेंसी के रुख को लेकर आधिकारिक स्थिति स्पष्ट नहीं है।

2027 के विधानसभा चुनाव से जोड़कर कार्रवाई पर उठाया सवाल

अधिवक्ता काशिफ कामरान ने वर्ष 2021 में हुई ईडी की पूछताछ का उल्लेख करते हुए मौजूदा कार्रवाई को 2027 के विधानसभा चुनाव से पहले की कार्रवाई बताया। यह उनका दावा है। इस टिप्पणी पर ईडी की ओर से कोई प्रतिक्रिया सामने नहीं आई है।

रामपुर से शाहबाज़ खान, जिला संवाददाता

[wps_visitor_counter]