- दिल्ली-लखनऊ हाईवे पर दर्दनाक दुर्घटना, कई लोग घायल; मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने लिया संज्ञान
- सीतापुर के बिसवां निवासी थे मृतक, लकड़ी कारोबार के सिलसिले में मुरादाबाद गए थे
शाहबाज खां जिला संवाददाता रामपुर
रामपुर। दिल्ली-लखनऊ हाईवे पर बुधवार को एक भीषण सड़क हादसे में चार लोगों की दर्दनाक मौत हो गई, जबकि कई अन्य लोग घायल हो गए। हादसा उस समय हुआ, जब एक बोलेरो वाहन अनियंत्रित होकर ओवरब्रिज की रेलिंग तोड़ते हुए करीब 30 फीट नीचे जा गिरा। दुर्घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। हादसे की भयावहता का अंदाजा इसी बात से लगाया जा सकता है कि टक्कर के बाद सड़क पर करीब 100 मीटर तक शव बिखर गए।
प्रारंभिक जानकारी के मुताबिक, बोलेरो तेज रफ्तार में फ्लाईओवर से गुजर रही थी। इसी दौरान चालक वाहन पर नियंत्रण खो बैठा और बोलेरो रेलिंग तोड़कर नीचे गिर गई। वाहन बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया और उसमें सवार लोग गंभीर रूप से घायल हो गए।
पुलिस और फायर ब्रिगेड ने संभाला मोर्चा
हादसे की सूचना मिलते ही शहजादनगर थाना पुलिस और फायर ब्रिगेड की टीम मौके पर पहुंच गई। राहत एवं बचाव कार्य शुरू करते हुए पुलिस ने शवों को कब्जे में लिया और घायलों को उपचार के लिए अस्पताल पहुंचाया। बोलेरो के इंजन से धुआं निकलने के कारण आग लगने की आशंका जताई गई, जिसके बाद फायर ब्रिगेड ने इंजन को ठंडा किया।
सीतापुर के बिसवां निवासी थे मृतक
हादसे में जान गंवाने वाले चारों लोग सीतापुर जिले के बिसवां कस्बे के निवासी बताए जा रहे हैं। सभी लकड़ी कारोबार से जुड़े थे और कारोबार के सिलसिले में मुरादाबाद गए थे। वहां से वापस सीतापुर लौटते समय रामपुर में यह दर्दनाक हादसा हो गया। दुर्घटना की खबर मिलते ही मृतकों के परिवारों में कोहराम मच गया।
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने लिया संज्ञान
रामपुर में हुए इस भीषण सड़क हादसे का मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने संज्ञान लिया है। मुख्यमंत्री ने मृतकों के परिजनों के प्रति गहरी शोक संवेदना व्यक्त करते हुए संबंधित अधिकारियों को तत्काल मौके पर पहुंचकर राहत एवं बचाव कार्य में तेजी लाने के निर्देश दिए।
उन्होंने अधिकारियों से मृतकों के परिजनों से संवाद कर उन्हें हर संभव सहायता उपलब्ध कराने और घायलों के समुचित उपचार की व्यवस्था सुनिश्चित करने को कहा।
तेज रफ्तार ने फिर उठाए सड़क सुरक्षा पर सवाल
ओवरब्रिज से बोलेरो के नीचे गिरने और चार लोगों की मौत की इस घटना ने हाईवे पर तेज रफ्तार तथा सड़क सुरक्षा इंतजामों को लेकर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। फिलहाल पुलिस हादसे के कारणों की जांच कर रही है। दुर्घटना के बाद मृतकों के परिवारों में मातम पसरा हुआ है।



