- 19 X अकाउंट से वीडियो हटाने की मांग, रविकांत पाराशर बने नए CO सदर
- गार्ड ऑफ ऑनर देने वाले पुलिसकर्मियों की भूमिका की जांच जारी
सहारनपुर। AIMIM प्रमुख एवं सांसद असदुद्दीन ओवैसी को गार्ड ऑफ ऑनर दिए जाने के मामले में सहारनपुर पुलिस विभाग ने कार्रवाई की है। सीओ सदर पवन कुमार को पद से हटाकर सीओ यातायात बनाया गया है। उनकी जगह रविकांत पाराशर को सीओ सदर की जिम्मेदारी सौंपी गई है। वहीं, घटना में शामिल पुलिसकर्मियों की भूमिका की जांच अभी जारी है।
मामला 21 नवंबर को सहारनपुर के सर्किट हाउस में सामने आया था। यहां सुप्रीम कोर्ट के एक न्यायाधीश के लिए गार्ड ऑफ ऑनर की तैयारी की गई थी। इसी दौरान कथित तौर पर प्रोटोकॉल संबंधी चूक के चलते वहां पहुंचे सांसद असदुद्दीन ओवैसी को गार्ड ऑफ ऑनर दे दिया गया। घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद पुलिस विभाग की कार्यप्रणाली और प्रोटोकॉल को लेकर सवाल उठने लगे।
19 X अकाउंट से वीडियो हटवाने के लिए पुलिस ने भेजा पत्र
घटना का वीडियो सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर तेजी से प्रसारित हुआ। इसके बाद सहारनपुर पुलिस ने X को आधिकारिक पत्र भेजकर 19 अलग-अलग अकाउंट पर साझा किए गए वीडियो और पोस्ट हटाने का अनुरोध किया है। पत्र में संबंधित पोस्ट के लिंक भी शामिल किए गए हैं।
पुलिस की ओर से बताया गया कि वायरल वीडियो से विभाग की छवि प्रभावित हो रही है और कानून-व्यवस्था पर असर पड़ने की आशंका है। हालांकि, पोस्ट हटाने के अनुरोध पर X की ओर से क्या कार्रवाई की गई है, इसकी जानकारी सामने नहीं आई है।
जांच के बाद बदला गया CO का कार्यक्षेत्र, पुलिसकर्मियों पर भी नजर
मामले की जांच एसपी देहात मयंक पाठक को सौंपी गई थी। जांच के बाद सीओ पवन कुमार का कार्यक्षेत्र बदल दिया गया है। उन्हें सीओ यातायात बनाया गया है, जबकि रविकांत पाराशर को सीओ सदर नियुक्त किया गया है।
गार्ड ऑफ ऑनर देने वाले पुलिसकर्मियों की भूमिका की जांच अभी जारी है। अधिकारियों के अनुसार, मामले में जिम्मेदारी तय करने के लिए जांच की जा रही है। जांच पूरी होने के बाद आगे की कार्रवाई की जा सकती है।
सर्किट हाउस में हुई इस प्रोटोकॉल संबंधी चूक ने पुलिस विभाग को असहज स्थिति में ला खड़ा किया है। अब निगाहें जांच के नतीजों और संबंधित पुलिसकर्मियों पर होने वाली संभावित कार्रवाई पर टिकी हैं।
Nation Station News | nationstationnews.com



