बठिंडा पहुंची एशियन चैंपियंस ट्रॉफी, हॉकी खिलाड़ियों में बढ़ा उत्साह

Picture of nationstationnews

nationstationnews

 

  • 27 अक्टूबर से 5 नवंबर तक जालंधर और मोहाली में होगी हीरो मेन्स एशियन चैंपियंस ट्रॉफी पंजाब-2026
  • ट्रॉफी टूर के जरिए पंजाब की हॉकी विरासत को नई पीढ़ी से जोड़ने की पहल, छह एशियाई टीमें लेंगी हिस्सा

बठिंडा, 21 अक्टूबर। हीरो मेन्स एशियन चैंपियंस ट्रॉफी पंजाब-2026 को लेकर पंजाब में हॉकी का उत्साह बढ़ने लगा है। इसी क्रम में ट्रॉफी टूर के तहत एशियन चैंपियंस ट्रॉफी मानसा के रास्ते बठिंडा के हॉकी टर्फ स्टेडियम पहुंची। यहां आयोजित स्वागत समारोह में डिप्टी कमिश्नर राजेश धीमान, जिला पुलिस प्रमुख सुहैल कासिम मीर और नगर निगम के मेयर पदमजीत सिंह मेहता ने ट्रॉफी का स्वागत किया।

छह टीमें लेंगी हिस्सा, बठिंडा से फरीदकोट रवाना हुई ट्रॉफी

जिला खेल अधिकारी एस. रूपिंदर सिंह बराड़ ने बताया कि इस अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिता में भारत सहित एशिया की छह टीमें हिस्सा लेंगी। ट्रॉफी टूर के माध्यम से पंजाब के अलग-अलग शहरों में हॉकी के प्रति जागरूकता और उत्साह बढ़ाने का प्रयास किया जा रहा है, ताकि अधिक से अधिक लोग इस प्रतियोगिता से जुड़ सकें।

बठिंडा में आयोजित कार्यक्रम के बाद ट्रॉफी को अगले पड़ाव फरीदकोट के लिए रवाना किया गया। समारोह में हॉकी एशियन गेम्स की स्वर्ण पदक विजेता बलजीत कौर अपने कोच शरणजीत सिंह के साथ मौजूद रहीं। इसके अलावा वरिष्ठ हॉकी खिलाड़ी, विभिन्न कोच और खेल विभाग के कर्मचारी भी कार्यक्रम में शामिल हुए।

इस ट्रॉफी टूर के जरिए पंजाब में हॉकी के प्रति लोगों की रुचि बढ़ाने और युवाओं को खेलों से जुड़ने के लिए प्रेरित करने का प्रयास किया जा रहा है।

[wps_visitor_counter]