फर्रुखाबाद में रामलीला कमेटी का कड़ा विरोध, पुलिस से धक्का-मुक्की; रावण दहन रोकने की कही बात

Picture of nationstationnews

nationstationnews

 

  • बेरीकेडिंग और पास को लेकर पुलिस व रामलीला मंडल के सदस्यों में तीखी नोकझोंक, अधिकारियों ने मौके पर पहुंचकर संभाली स्थिति
  • पुतला दहन के बाद जली लकड़ियां लेने को लेकर दो पक्षों में मारपीट, पुलिस ने कराया मामला शांत

फर्रुखाबाद। विजयदशमी के अवसर पर क्रिश्चियन इंटर कॉलेज मैदान में आयोजित रावण दहन कार्यक्रम के दौरान उस समय अफरा-तफरी का माहौल बन गया, जब बेरीकेडिंग के अंदर प्रवेश और पास को लेकर पुलिस तथा रामलीला मंडल के सदस्यों के बीच विवाद हो गया। तीखी नोकझोंक के बाद धक्का-मुक्की की नौबत आ गई। रामलीला कमेटी ने कड़ा विरोध जताते हुए रावण दहन नहीं होने देने की बात कही। हालांकि, विवाद के बीच कार्यक्रम संपन्न हुआ और रावण, मेघनाद तथा कुंभकरण के पुतलों का दहन किया गया।

सरस्वती भवन की ओर से आयोजित विजयदशमी समारोह में भगवान श्रीराम और रावण के युद्ध का मंचन किया गया। भगवान श्रीराम के हाथों रावण वध होते ही मैदान जय श्रीराम के नारों से गूंज उठा। इसके बाद तीनों पुतलों का दहन किया गया। रंग-बिरंगी आतिशबाजी ने उपस्थित दर्शकों का मन मोह लिया।

शोभायात्रा के बाद मैदान में बढ़ा विवा

कार्यक्रम से पहले सरस्वती भवन से राम-रावण की शोभायात्रा निकाली गई, जो लोहाई रोड, चौक, नेहरू रोड और लालगेट होते हुए क्रिश्चियन इंटर कॉलेज मैदान पहुंची। रावण वध के दौरान जिलाधिकारी डॉ. अंकुर लाठर, पुलिस अधीक्षक आरती सिंह और रामलीला मंडल की संरक्षक डॉ. मिथिलेश अग्रवाल ने तीर चलाकर परंपरा में भाग लिया।

इसी दौरान बेरीकेडिंग के भीतर प्रवेश और पास को लेकर पुलिस तथा रामलीला मंडल के सदस्यों के बीच कई बार नोकझोंक हुई। मामला बढ़ने पर धक्का-मुक्की भी हुई। स्थिति को नियंत्रित करने के लिए सिटी मजिस्ट्रेट और सीओ सिटी अभय वर्मा मौके पर पहुंचे। अधिकारियों ने हस्तक्षेप कर हालात संभाले और कार्यक्रम को आगे बढ़ाया।

जली लकड़ियां लेने को लेकर भी हुई मारपीट

रावण दहन के बाद जली हुई लकड़ियां लेने को लेकर दो पक्षों के बीच मारपीट हो गई। मौके पर मौजूद पुलिस ने हस्तक्षेप कर विवाद शांत कराया। विजयदशमी जैसे पारंपरिक और धार्मिक आयोजन के दौरान हुए इन विवादों ने सुरक्षा व्यवस्था और आयोजन प्रबंधन को लेकर सवाल खड़े कर दिए।

कार्यक्रम में रामलीला मंडल के अध्यक्ष लालजी टंडन, मंत्री दीपक सक्सेना, कोषाध्यक्ष अशोक गर्ग, व्यवस्थापक मटर लाल दुबे सहित मंडल के पदाधिकारी और शहर के कई गणमान्य नागरिक मौजूद रहे।

[wps_visitor_counter]