- SSD गर्ल्स कॉलेज में युवाओं को नशे के दुष्प्रभावों के प्रति किया जागरूक, विभिन्न गतिविधियों के जरिए दिया संदेश
- बठिंडा, 19 अक्टूबर। (सुरेश रहेजा, प्रवीण कुमार, साहिल रहेजा)
बठिंडा। युवाओं को नशे के दुष्प्रभावों के प्रति जागरूक करने और नशामुक्त समाज के निर्माण के उद्देश्य से माई युवा भारत, बठिंडा की ओर से मिनिस्ट्री ऑफ यूथ अफेयर्स एंड स्पोर्ट्स, भारत सरकार के तत्वावधान में SSD गर्ल्स कॉलेज में ब्लॉक स्तरीय नेबरहुड यूथ पार्लियामेंट 2026-27 का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का मुख्य विषय ‘ड्रग फ्री यूथ फॉर विकसित इंडिया’ रहा। इसमें युवाओं को नशे से दूर रहने और देश के विकास में अपनी सक्रिय भूमिका निभाने के लिए प्रेरित किया गया।
माई युवा भारत, बठिंडा की जिला युवा अधिकारी मिशा ने बताया कि कार्यक्रम का उद्देश्य युवाओं को नशे के दुष्परिणामों से अवगत कराना और उन्हें नशामुक्त समाज के निर्माण के लिए प्रेरित करना था। कार्यक्रम की शुरुआत असिस्टेंट प्रोफेसर गुरमिंदर जीत कौर के स्वागत भाषण से हुई। उन्होंने माई भारत पोर्टल के उद्देश्य, इसकी विशेषताओं और युवाओं के लिए उपलब्ध विभिन्न अवसरों की जानकारी दी।
इसके बाद असिस्टेंट प्रोफेसर डॉ. कुलविंदर सिंह ने ‘नशे के दुरुपयोग को समझना: भारत के युवाओं के सामने चुनौतियां’ विषय पर विचार रखे। वहीं, SSD सीनियर सेकेंडरी स्कूल की प्रिंसिपल रश्मि तिवारी ने ‘जागरूकता से कार्रवाई तक: नशामुक्त युवा अभियान के संसाधन’ विषय पर सत्र आयोजित किया।
संवाद और गतिविधियों के माध्यम से समझाए नशे के दुष्परिणाम
कार्यक्रम के दौरान समूह चर्चा, प्रश्नोत्तरी, रोल-प्ले और अन्य संवादात्मक गतिविधियों के जरिए युवाओं को नशे की लत के दुष्परिणामों तथा इससे बचाव के उपायों के बारे में जागरूक किया गया। ‘बदलाव की कहानी: नशामुक्त भारत की ओर’ सत्र में विभागाध्यक्ष डॉ. सिमरजीत कौर ने लघु फिल्मों और डॉक्यूमेंट्री के माध्यम से नशे की समस्या और उसके सामाजिक प्रभावों को समझाया।
इसके बाद प्रतिभागियों ने नशे की समस्या और उसके समाधान पर चर्चा की। कार्यक्रम में उपस्थित सभी प्रतिभागियों ने नशे से दूर रहने और नशामुक्त समाज के निर्माण में योगदान देने का संकल्प लिया।
इस अवसर पर SSD गर्ल्स कॉलेज की प्रिंसिपल डॉ. नीरू गर्ग भी विशेष रूप से उपस्थित रहीं। माई युवा भारत, बठिंडा की ओर से सभी रिसोर्स पर्सन और डॉ. नीरू गर्ग को पौधे भेंट कर सम्मानित किया गया। आयोजकों ने कार्यक्रम के सफल आयोजन में सहयोग देने वाले सभी लोगों के प्रति आभार व्यक्त किया।
कार्यक्रम के माध्यम से युवाओं को संदेश दिया गया कि नशे के खिलाफ जागरूकता, सामूहिक प्रयास और सामाजिक भागीदारी से ही स्वस्थ एवं नशामुक्त समाज की दिशा में आगे बढ़ा जा सकता है।



