- राम दरबार की आरती और रावण दहन रहा आकर्षण का केंद्र
- नौ देवी स्वरूपों में सजे बच्चों ने प्रस्तुत की लघु नाटिका, भारतीय संस्कृति और नारी शक्ति का दिया संदेश
रायबरेली। शहर के प्रभुटाउन स्थित राइजिंग चाइल्ड स्कूल में दशहरा एवं नवरात्रि उत्सव हर्षोल्लास और उत्साह के साथ मनाया गया। कार्यक्रम में विद्यालय के नन्हे-मुन्ने बच्चे भगवान श्रीराम, माता सीता, लक्ष्मण, भरत, शत्रुघ्न, हनुमान और रावण सहित रामायण के विभिन्न पात्रों की आकर्षक वेशभूषा में नजर आए। बच्चों की मनमोहक प्रस्तुतियों ने उपस्थित लोगों का मन मोह लिया।
कार्यक्रम में नौ देवी स्वरूपों में सजे बच्चों ने लघु नाटिका के माध्यम से नारी शक्ति, भक्ति और भारतीय संस्कृति का संदेश दिया। बच्चों की शानदार प्रस्तुतियों की उपस्थित लोगों ने सराहना की। कार्यक्रम का मुख्य आकर्षण राम दरबार की आरती और रावण दहन रहा।
विद्यालय के प्रबंधक अरविंद श्रीवास्तव, एडवोकेट तथा प्रधानाचार्या सीमा श्रीवास्तव ने राम दरबार की आरती उतारी और माल्यार्पण किया। इस अवसर पर प्रबंधक अरविंद श्रीवास्तव ने कहा कि विजयादशमी का पर्व बुराई पर अच्छाई की जीत का प्रतीक है। यह पर्व सभी को सत्य और धर्म के मार्ग पर चलने की प्रेरणा देता है।
प्रधानाचार्या सीमा श्रीवास्तव ने कहा कि विद्यालय में शिक्षा के साथ-साथ बच्चों के सर्वांगीण विकास पर भी विशेष ध्यान दिया जाता है। इस तरह के सांस्कृतिक कार्यक्रम बच्चों की प्रतिभा को निखारने, मंच पर अपनी अभिव्यक्ति प्रस्तुत करने और भारतीय परंपराओं को समझने का अवसर प्रदान करते हैं।
कार्यक्रम में श्रेयांशी, भव्या, गर्विता, छवि, सिद्धि, मानवी, अलौकिता, शिवांश, प्रांजल, मानस, आगमन, ब्रह्मलीन सहित अन्य बच्चों का प्रदर्शन सराहनीय रहा। कार्यक्रम का संचालन हरप्रीत कौर ने किया।
उत्सव का समापन रावण दहन के साथ हुआ। इस आयोजन ने बच्चों को बुराई पर अच्छाई की विजय का संदेश दिया। इस अवसर पर विद्यालय के प्रशासनिक अधिकारी रविंद्र नाथ हरि, सावन गुप्ता सहित समस्त शिक्षक-शिक्षिकाएं उपस्थित रहे।
नेशन स्टेशन न्यूज़ | nationstationnews.com



