जनगणना-2027: बठिंडा में एन्यूमरेटर और सुपरवाइजरों की ट्रेनिंग जारी

Picture of nationstationnews

nationstationnews

 

  • 5 अक्टूबर से 10 नवंबर तक चलेगा प्रशिक्षण, सही और भरोसेमंद आंकड़े जुटाने पर जोर

बठिंडा, 15 अक्टूबर। जनगणना-2027 के दूसरे चरण की तैयारियों के तहत जिला बठिंडा में एन्यूमरेटर (गणनाकर्मियों) और सुपरवाइजरों को प्रशिक्षण दिया जा रहा है। प्रशिक्षण का उद्देश्य जनगणना प्रक्रिया को पारदर्शी, व्यवस्थित और त्रुटिरहित बनाना है, ताकि घर-घर जाकर सही एवं विश्वसनीय जानकारी एकत्र की जा सके।

प्रिंसिपल जनगणना अधिकारी-कम-डिप्टी कमिश्नर राजेश धीमान ने बताया कि पंजाब में जनगणना-2027 के तहत जनसंख्या गणना के दूसरे चरण की तैयारियां की जा रही हैं। डीसीओ चंडीगढ़ की ओर से निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार, जिले में गणनाकर्मियों और सुपरवाइजरों का प्रशिक्षण 5 अक्टूबर से 10 नवंबर तक आयोजित किया जा रहा है।

मोबाइल एप्लीकेशन और डेटा एंट्री की दी जा रही जानकारी

डिप्टी कमिश्नर ने बताया कि प्रशिक्षण सत्रों में कर्मचारियों को जनगणना की प्रक्रिया, सूचनाएं एकत्र करने के तरीकों और मोबाइल एप्लीकेशन के इस्तेमाल की विस्तृत जानकारी दी जा रही है। कर्मचारियों को समझाया जा रहा है कि घर-घर जाकर जानकारी जुटाते समय पूरी सावधानी बरतें और आंकड़ों को दर्ज करते समय किसी भी प्रकार की त्रुटि से बचें।

उन्होंने कहा कि जनगणना में लगे प्रत्येक एन्यूमरेटर और सुपरवाइजर की जिम्मेदारी है कि वह अपने दायित्वों का निर्वहन पूरी गंभीरता और ईमानदारी से करे। सही आंकड़े जुटाने के लिए प्रशिक्षण में दी जा रही जानकारी को समझना और निर्धारित प्रक्रिया का पालन करना बेहद जरूरी है।

भविष्य की योजनाओं के लिए अहम है जनगणना

राजेश धीमान ने कहा कि जनगणना देश की योजना निर्माण और विकास प्रक्रिया का महत्वपूर्ण हिस्सा है। इससे प्राप्त आंकड़े भविष्य की नीतियां बनाने, विकास कार्यों की योजना तैयार करने और जनकल्याणकारी योजनाओं को प्रभावी ढंग से लागू करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।

उन्होंने जनगणना कार्य में लगे सभी अधिकारियों और कर्मचारियों से प्रशिक्षण को गंभीरता से लेने तथा मेहनत, लगन और जिम्मेदारी के साथ अपनी ड्यूटी निभाने की अपील की, ताकि जनगणना-2027 का कार्य सफलतापूर्वक पूरा किया जा सके।

प्रशिक्षण सत्रों में डायरेक्टरेट ऑफ सेंसस ऑपरेशंस, पंजाब के स्टैटिस्टिकल इन्वेस्टिगेटर गुलशन कश्यप ने भी भाग लिया और जनगणना से संबंधित प्रक्रियाओं की जानकारी साझा की। इस अवसर पर डिप्टी इकोनॉमिक्स एंड स्टैटिस्टिक्स एडवाइजर बठिंडा चरणजीत कौर, सेंसस सेल बठिंडा के प्रभारी हरविंदर सिंह, मास्टर ट्रेनर हरजीत सिंह और मुकेश बंसल सहित अन्य अधिकारी एवं कर्मचारी मौजूद रहे।

इनपुट: सुरेश रहेजा, प्रवीण कुमार, साहिल रहेजा

[wps_visitor_counter]