नवरात्रि पर खाद्य विभाग की छापेमारी, 480 किलो संदिग्ध कुट्टू का आटा नष्ट

Picture of nationstationnews

nationstationnews

 

  • फूड पॉइजनिंग की शिकायत पर कार्रवाई, जांच के लिए सात नमूने भेजे गए

रामपुर। नवरात्रि पर्व के दौरान खाद्य पदार्थों में मिलावट पर अंकुश लगाने और लोगों को सुरक्षित खाद्य सामग्री उपलब्ध कराने के लिए खाद्य सुरक्षा विभाग ने विशेष छापामार अभियान चलाया। जिलाधिकारी अजय कुमार द्विवेदी के निर्देश पर की गई कार्रवाई में करीब 480 किलोग्राम संदिग्ध कुट्टू का आटा बरामद कर नियमानुसार नष्ट कराया गया। नष्ट किए गए आटे की अनुमानित कीमत 48 हजार रुपये बताई गई है। विभाग ने विभिन्न खाद्य पदार्थों के कुल सात नमूने लेकर जांच के लिए प्रयोगशाला भेजे हैं।

मुख्य खाद्य सुरक्षा अधिकारी एवं सहायक आयुक्त (खाद्य) के अतिरिक्त प्रभार संजीव सिंह के नेतृत्व में चलाए गए अभियान में कुट्टू के आटे की खरीद, पिसाई और बिक्री से जुड़े कारोबार की जांच की गई। जांच में सामने आया कि रामपुर के व्यापारी प्रमोद कुमार गुप्ता ने गाजियाबाद की दो फर्मों से कुल आठ क्विंटल साबुत कुट्टू खरीदा था। इसे बिलासपुर रोड स्थित गजराम चक्की से पिसवाकर पैकेट तैयार कराए गए और रामपुर के विभिन्न किराना प्रतिष्ठानों पर बिक्री के लिए भेजा गया।

कार्रवाई के दौरान संबंधित कारोबारी से कुट्टू के आटे के दो नमूने लिए गए। साथ ही, खाद्य पंजीकरण नहीं होने का मामला भी सामने आया। विभिन्न दुकानों पर रखे करीब 480 किलोग्राम संदिग्ध कुट्टू के आटे को वापस मंगवाकर बिलासपुर रोड स्थित डंपिंग ग्राउंड में नियमानुसार नष्ट करा दिया गया।

कई दुकानों से खाद्य पदार्थों के नमूने लिए

अभियान के दौरान मिस्टन गंज स्थित एसके ट्रेडर्स से साबूदाना, मयूर ब्रांड कुट्टू का आटा और कुट्टू की मींग के एक-एक नमूने लिए गए। भगत जी किराना स्टोर से साबूदाना तथा स्टेशन रोड के सामने स्थित दशमेश किराना स्टोर से सिंघाड़े के आटे का नमूना संग्रहित किया गया। इस तरह विभिन्न खाद्य पदार्थों के कुल सात नमूने जांच के लिए भेजे गए हैं।

अभियान के दौरान अखाद्य पदार्थों में इस्तेमाल होने वाले केमिकल की बिक्री का मामला भी सामने आया। इस संबंध में संबंधित खाद्य कारोबारकर्ता को कारण बताओ नोटिस जारी किया गया है। खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता से संबंधित अंतिम स्थिति प्रयोगशाला जांच रिपोर्ट आने के बाद स्पष्ट होगी।

व्रत के लिए आटा खरीदते समय बरतें सावधानी

खाद्य सुरक्षा विभाग ने नवरात्रि में व्रत रखने वाले लोगों से खुले में पिसे कुट्टू के आटे की खरीद और इस्तेमाल से बचने की अपील की है। विभाग के अनुसार, कुट्टू का आटा खरीदते समय सीलबंद पैकेट, पैकिंग तिथि, अवसान तिथि और निर्माता का पूरा पता अवश्य जांच लें। किसी भी खाद्य पदार्थ की गुणवत्ता या बिक्री को लेकर संदेह होने पर संबंधित विभाग को सूचना दें।

विभाग ने स्पष्ट किया कि त्योहारों के दौरान मिलावटखोरी पर रोक लगाने और उपभोक्ताओं को सुरक्षित खाद्य सामग्री उपलब्ध कराने के लिए विशेष अभियान आगे भी जारी रहेगा। अभियान में खाद्य सुरक्षा अधिकारी मनोज कुमार, अशोक कुमार, देवकान्त और शहाबुद्दीन दोस्त शामिल रहे।

[wps_visitor_counter]