- सीडीओ गुलाब चन्द्र ने किया उद्घाटन, 16 से 30 नवंबर तक होगी स्व-गणना
- एक दिसंबर से घर-घर पहुंचेंगे प्रगणक, कोई भी व्यक्ति गणना से न छूटने देने के निर्देश
रामपुर। भारत की जनगणना-2027 की तैयारियों के तहत गुरुवार को संत शिरोमणि रविदास सर्किट हाउस में फील्ड ट्रेनर्स के तृतीय बैच का प्रशिक्षण शुरू हुआ। मुख्य विकास अधिकारी गुलाब चन्द्र ने प्रशिक्षण कार्यक्रम का उद्घाटन किया। इस दौरान जनगणना के दूसरे चरण की प्रक्रिया, स्व-गणना और घर-घर जाकर परिवारों का विवरण दर्ज करने के संबंध में आवश्यक जानकारी दी गई।
मुख्य विकास अधिकारी ने बताया कि प्रदेश में 16 नवंबर से 30 नवंबर 2026 तक स्व-गणना की सुविधा उपलब्ध रहेगी। इसके बाद एक दिसंबर 2026 से चार जनवरी 2027 तक प्रगणक घर-घर जाकर परिवारों का विवरण दर्ज करेंगे। स्व-गणना करने वाले परिवारों को अपनी प्राप्त आईडी प्रगणक को दिखानी होगी। वहीं, स्व-गणना नहीं करने वाले परिवारों का विवरण प्रगणक मौके पर दर्ज करेंगे।
उन्होंने निर्देश दिए कि जनगणना के दौरान यह सुनिश्चित किया जाए कि कोई भी व्यक्ति गणना से छूटने न पाए और किसी की दोहरी गणना भी न हो। जनगणना के लिए पांच जनवरी 2027 की मध्यरात्रि को संदर्भ समय निर्धारित किया गया है। इसके बाद पांच से नौ जनवरी तक पुनरीक्षण राउंड में जन्म और मृत्यु से संबंधित जानकारियों को अपडेट किया जाएगा।
सीडीओ ने सभी फील्ड ट्रेनर्स से अपने-अपने क्षेत्रों में जनप्रतिनिधियों के सहयोग से लोगों को स्व-गणना के प्रति जागरूक करने को कहा, ताकि अधिक से अधिक परिवार इस सुविधा का लाभ उठा सकें। उन्होंने जनगणना कार्य को गंभीरता और जिम्मेदारी के साथ पूरा करने पर जोर दिया।
फील्ड ट्रेनर्स का प्रथम बैच सात से नौ अक्टूबर तथा द्वितीय बैच 12 से 14 अक्टूबर तक प्रशिक्षित किया जा चुका है। तृतीय बैच का प्रशिक्षण 15 से 17 अक्टूबर तक सुबह नौ बजे से शाम छह बजे तक निर्धारित है।
इस अवसर पर अपर जिलाधिकारी (वित्त एवं राजस्व) एवं जिला जनगणना अधिकारी आनन्द कुमार सिंह, जनगणना प्रभारी मोहम्मद इलियास, जनगणना सहायक मोहम्मद यासीन तथा मास्टर ट्रेनर अंकुर शुक्ला और मनोज निमेष सहित सभी फील्ड ट्रेनर मौजूद रहे।
नेशन स्टेशन न्यूज़ | nationstationnews.com


