- भैंस लूटकांड में वांछित था हिस्ट्रीशीटर भूरा, पुलिस ने 12,500 रुपये, दो तमंचे और बाइक बरामद करने का किया दावा
- नई वारदात की रेकी करने आने की बात सामने आई, दूसरे आरोपी ने भैंस लूट में शामिल होने से किया इनकार
रामपुर। टांडा थाना क्षेत्र में भैंस लूट के मामले में वांछित हिस्ट्रीशीटर समेत दो आरोपियों को पुलिस ने मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार किया है। पुलिस के मुताबिक, मुठभेड़ के दौरान आरोपी भूरा के दोनों पैरों में गोली लगी, जिसके बाद उसे उपचार के लिए जिला अस्पताल रामपुर भेजा गया। गिरफ्तार दूसरे आरोपी की पहचान साकिब के रूप में हुई है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से 12,500 रुपये नकद, दो अवैध तमंचे, दो खोखा कारतूस, दो जिंदा कारतूस और बिना नंबर प्लेट की टीवीएस राइडर मोटरसाइकिल बरामद करने की जानकारी दी है।
चेकिंग के दौरान पुलिस पर फायरिंग, जवाबी कार्रवाई में एक घायल
पुलिस के अनुसार, 27 सितंबर 2026 को दर्ज मुकदमे में शिकायतकर्ता ने आरोप लगाया था कि चार अज्ञात लोगों ने तमंचे के बल पर धमकाकर उसकी दो भैंस लूट ली थीं। इस मामले में थाना टांडा में मुकदमा अपराध संख्या 325/26, धारा 309(6) बीएनएस के तहत केस दर्ज किया गया था। विवेचना के दौरान भूरा पुत्र नन्हू निवासी मुतियापुरा, थाना टांडा, रामपुर और साकिब पुत्र शाहबुद्दीन निवासी मोहल्ला कुरैशियान, थाना सैदनंगली, अमरोहा के नाम सामने आए।
पुलिस के मुताबिक, मुखबिर से मिली सूचना के आधार पर टांडा पुलिस रनुआ नगला तिराहे पर चेकिंग कर रही थी। इसी दौरान मोटरसाइकिल सवार दो लोगों को रुकने का इशारा किया गया, लेकिन वे बाइक मोड़कर भागने लगे। इस दौरान मोटरसाइकिल फिसलकर गिर गई। पुलिस का दावा है कि दोनों आरोपियों ने जान से मारने की नीयत से पुलिस टीम पर फायरिंग की। जवाबी कार्रवाई में भूरा के दोनों पैरों में गोली लगी, जबकि साकिब को मौके से गिरफ्तार कर लिया गया।
पुलिस के अनुसार, दोनों आरोपियों के पास से 315 बोर के दो तमंचे, दो खोखा कारतूस और दो जिंदा कारतूस बरामद हुए। भूरा के कब्जे से 11,500 रुपये और साकिब के पास से 1,000 रुपये मिले। इसके अलावा बिना नंबर प्लेट की टीवीएस राइडर मोटरसाइकिल भी बरामद की गई।
भैंस बेचकर मिले रुपये बचे होने का दावा, दूसरे आरोपी ने किया इनकार
पुलिस की पूछताछ के अनुसार, भूरा ने बताया कि 23 और 24 सितंबर 2026 की रात टांडा क्षेत्र के गांव चक खरदिया में साथियों के साथ मिलकर भैंस लूट की घटना को अंजाम दिया था। उसके मुताबिक, दोनों भैंस बेचने के बाद हिस्से में मिले रुपये में से 11,500 रुपये बचे थे और बाकी रकम खर्च हो गई थी।
वहीं, साकिब ने पूछताछ में भैंस लूट की घटना में शामिल होने से इनकार किया। पुलिस के अनुसार, उसने बताया कि वह अपने साथी भूरा के साथ किसी नई वारदात की रेकी करने आया था। साकिब की भूमिका और उसके बयान की जांच विवेचना के दौरान की जाएगी।
पुलिस ने बताया कि इस मामले में पहले 3 अक्टूबर 2026 को आलम उर्फ बाबू निवासी ग्राम खाईखेड़ा, थाना मूंडापांडे, मुरादाबाद को भी मुठभेड़ के दौरान गिरफ्तार किया जा चुका है।
मुठभेड़ के संबंध में थाना टांडा में मुकदमा अपराध संख्या 350/26, धारा 109(1) बीएनएस और धारा 3/25/27 आयुध अधिनियम के तहत मामला दर्ज किया गया है। पुलिस के मुताबिक, भूरा के खिलाफ मुरादाबाद और रामपुर के विभिन्न थानों में चोरी, लूट, आर्म्स एक्ट और गिरोहबंद अधिनियम समेत कई धाराओं में मुकदमे दर्ज हैं। पुलिस ने उसके आपराधिक इतिहास में कुल 35 प्रविष्टियां सूचीबद्ध की हैं।
कार्रवाई करने वाली टीम में प्रभारी निरीक्षक बलवान सिंह, निरीक्षक अपराध गंगासरन, उपनिरीक्षक पंकज कुमार, सत्यम कुमार, नीरज कुमार शर्मा तथा पुलिसकर्मी पुष्पराज सिंह, आदेश कुमार, विकुल कुमार, अजय कुमार और दीपक कुमार शामिल रहे।
रिपोर्ट: शाहबाज़ खान, जिला संवाददाता — रामपुर
नोट: आरोपियों के संबंध में पुलिस के दावों और पूछताछ में सामने आई बातों को आधिकारिक पक्ष के रूप में प्रस्तुत किया गया है। आरोपों पर अंतिम निर्णय न्यायालय द्वारा किया जाएगा।


