- यूपीकॉस आयोग के पोर्टल पर डाटा अपलोड करने की मांग, एसडीएम ने सेवायोजन अधिकारी को सौंपी कार्रवाई की जिम्मेदारी
पीलीभीत। जनपद के विभिन्न सरकारी विभागों में कार्यरत आउटसोर्स कर्मचारियों की डाटा फीडिंग यूपीकॉस आयोग के पोर्टल पर अब तक शुरू नहीं होने से कर्मचारियों में असंतोष व्याप्त है। इसको लेकर उत्तर प्रदेश आउटसोर्सिंग एवं संविदा कर्मचारी संघ के पीलीभीत जिलाध्यक्ष अमित अल्प ने जिलाधिकारी को संबोधित ज्ञापन सौंपकर डाटा फीडिंग की प्रक्रिया तत्काल शुरू कराने और पात्र कर्मचारियों को श्रेणीवार निर्धारित बढ़े हुए वेतन का लाभ दिलाने की मांग की।
जिलाधिकारी की अनुपस्थिति में ज्ञापन एसडीएम को सौंपा गया। एसडीएम ने मामले में तत्काल कार्रवाई के लिए सेवायोजन अधिकारी को नामित किया।
पांच प्रमुख मांगों को लेकर उठाई आवाज
ज्ञापन के माध्यम से संघ ने अधिकारियों के सामने पांच प्रमुख मांगें रखीं। इनमें जनपद के सभी संबंधित विभागों में आउटसोर्स कर्मचारियों की डाटा फीडिंग तत्काल शुरू कर निर्धारित समय-सीमा में पूरी कराने, कर्मचारियों का संपूर्ण विवरण निर्धारित प्रारूप में प्राप्त कर पोर्टल पर सही तरीके से दर्ज कराने तथा श्रेणीवार निर्धारित बढ़ी हुई वेतन दरों के अनुसार भुगतान सुनिश्चित कराने की मांग शामिल है।
इसके अलावा विभागीय कार्रवाई की नियमित समीक्षा करने, लंबित प्रकरणों का शीघ्र निस्तारण कराने और डाटा फीडिंग व वेतन निर्धारण की प्रक्रिया पूरी होने के बाद पात्र कर्मचारियों को नियमानुसार देय लाभ उपलब्ध कराने का आग्रह किया गया।
पूरी निष्ठा से काम कर रहे कर्मचारी, हितों की रक्षा की मांग
संघ ने अधिकारियों को अवगत कराय कि आउटसोर्स कर्मचारी विभिन्न सरकारी विभागों में पूरी निष्ठा और ईमानदारी के साथ अपने दायित्वों का निर्वहन कर रहे हैं। ऐसे में उनके हितों की रक्षा करना और उन्हें नियमानुसार मिलने वाले लाभ उपलब्ध कराना संबंधित अधिकारियों की जिम्मेदारी है।
जिलाध्यक्ष अमित अल्प ने प्रकरण को गंभीरता से लेते हुए सभी संबंधित विभागों में डाटा फीडिंग तत्काल शुरू कराने और पात्र कर्मचारियों को श्रेणीवार निर्धारित बढ़े हुए वेतन का लाभ दिलाने के लिए आवश्यक कार्रवाई की मांग की।
ज्ञापन सौंपने के दौरान जिलाध्यक्ष अमित अल्प के साथ पीएमएमवीवाई से सुरेन्द्र सिंह राठौर और विकेश आनंद, प्रोबेशन विभाग से मीनाक्षी पाठक, विकास विभाग से ज्ञान प्रकाश, बाल विकास विभाग से गुरप्रीत कौर तथा अल्पसंख्यक विभाग से तहजीब खान सहित विभिन्न विभागों के अन्य कर्मचारी मौजूद रहे।
नेशन स्टेशन न्यूज़ | पीलीभीत


