- किसानों को खरीद में परेशानी न हो, समय पर भुगतान और फसल का उठान प्राथमिकता: बलकार सिद्धू
- किसानों से पराली न जलाने और फसल को सुखाकर मंडी लाने की अपील
बठिंडा, 13 अक्टूबर। धान खरीद सीजन के बीच विधायक रामपुरा फूल बलकार सिंह सिद्धू ने रामपुरा फूल और भगता भाईका की अनाज मंडियों में धान की खरीद शुरू कराई। इस अवसर पर उन्होंने कहा कि किसानों को मंडियों में फसल बेचने के दौरान किसी भी तरह की परेशानी नहीं आने दी जाएगी। धान की सुचारु खरीद और किसानों को समय पर भुगतान सुनिश्चित करना सरकार की प्राथमिकताओं में शामिल है।
विधायक बलकार सिद्धू ने कहा कि किसान अपनी फसल तैयार करने के लिए कड़ी मेहनत करते हैं और उन्हें उपज का उचित मूल्य मिलना चाहिए। उन्होंने बताया कि राज्य सरकार की ओर से संबंधित अधिकारियों को धान खरीद की व्यवस्था दुरुस्त रखने के निर्देश दिए गए हैं, ताकि किसानों को फसल बेचने में अनावश्यक परेशानी का सामना न करना पड़े।
उन्होंने खरीद एजेंसियों के अधिकारियों से खरीदे गए धान का समय पर उठान सुनिश्चित करने पर जोर दिया। उन्होंने कहा कि मंडियों से फसल का उठान समय पर होने से जगह खाली रहेगी और अन्य किसानों को अपनी उपज रखने में सुविधा मिलेगी।
नमी से बचने के लिए फसल सुखाकर लाने की सलाह
विधायक ने किसानों से अपील की कि वे धान को अच्छी तरह सुखाकर ही मंडियों में लेकर आएं, ताकि उसमें नमी की मात्रा निर्धारित मानकों के अनुरूप रहे और खरीद प्रक्रिया में किसी तरह की बाधा न आए।
पराली प्रबंधन पर भी दिया जोर
बलकार सिद्धू ने किसानों से धान की पराली नहीं जलाने और उसके उचित प्रबंधन की अपील की। उन्होंने कहा कि पराली का बेहतर प्रबंधन कर पर्यावरण संरक्षण में योगदान दिया जा सकता है।
इस अवसर पर विभिन्न खरीद एजेंसियों के अधिकारी, किसान, आढ़ती और गांवों के गणमान्य लोग मौजूद रहे।
बठिंडा से रिपोर्ट: सुरेश रहेजा, प्रवीण कुमार एवं साहिल रहेजा
नेशन स्टेशन न्यूज़ | nationstationnews.com


