नवरात्रि, रामलीला और दशहरा को लेकर प्रशासन अलर्ट, पीस कमेटी की बैठक में दिए निर्देश

Picture of nationstationnews

nationstationnews

 

  • बिजली के जर्जर तार और क्षतिग्रस्त पोल दुरुस्त कराने के आदेश
  • मंदिरों व दुर्गा पंडालों में साफ-सफाई, सुरक्षा और पेयजल व्यवस्था पर जोर

फर्रुखाबाद। आगामी शारदीय नवरात्रि, रामलीला मंचन और दशहरा मेले को शांतिपूर्ण एवं सौहार्दपूर्ण वातावरण में संपन्न कराने के लिए जिलाधिकारी डॉ. अंकुर लाठर की अध्यक्षता में कलेक्ट्रेट सभागार, फतेहगढ़ में पीस कमेटी की बैठक आयोजित की गई। बैठक में पुलिस अधीक्षक श्रीमती आरती सिंह भी मौजूद रहीं। अधिकारियों ने त्योहारों के दौरान कानून-व्यवस्था बनाए रखने और आमजन को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराने को लेकर विचार-विमर्श किया।

जिलाधिकारी ने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए कि त्योहारों के मद्देनजर सभी आवश्यक व्यवस्थाएं समय से पूरी कर ली जाएं। धार्मिक स्थलों, रामलीला मंचन स्थलों और दशहरा मेला क्षेत्रों में साफ-सफाई, पेयजल, प्रकाश व्यवस्था तथा सुरक्षा के पर्याप्त इंतजाम सुनिश्चित किए जाएं। उन्होंने कहा कि त्योहारों के दौरान आमजन को किसी प्रकार की असुविधा नहीं होनी चाहिए और सभी आयोजन आपसी प्रेम, भाईचारे एवं सामाजिक सौहार्द के साथ संपन्न कराए जाएं।

जर्जर बिजली के तार और क्षतिग्रस्त सड़कों की होगी मरम्मत

जिलाधिकारी ने विद्युत विभाग के अधिशासी अभियंता को शहर में क्षतिग्रस्त बिजली के पोल और जर्जर तारों को दुरुस्त कराने के निर्देश दिए। साथ ही दुर्गा पंडालों में विद्युत आपूर्ति से संबंधित समस्याओं का समय से निस्तारण करने को कहा। उन्होंने निर्देशित किया कि बिजली संबंधी शिकायतों पर आवश्यक कार्रवाई की जाए।

नगर पालिका के अधिकारियों को दुर्गा प्रतिमा स्थापना स्थलों और देवी मंदिरों में नियमित साफ-सफाई कराने के निर्देश दिए गए, जिससे श्रद्धालुओं को परेशानी न हो। वहीं, लोक निर्माण विभाग के अधिशासी अभियंता को क्षतिग्रस्त सड़कों की नियमानुसार मरम्मत कराने के लिए कहा गया।

संवेदनशील स्थलों पर रहेगी विशेष निगरानी

जिलाधिकारी ने कहा कि त्योहारों के दौरान संवेदनशील स्थलों पर विशेष सतर्कता बरती जाए। किसी भी समस्या की सूचना मिलने पर संबंधित अधिकारी तत्काल आवश्यक कार्रवाई करें। सभी विभाग आपसी समन्वय के साथ अपनी जिम्मेदारियों का निर्वहन करें।

उन्होंने सभी उप जिलाधिकारियों को अपने-अपने तहसील क्षेत्रों में संबंधित पुलिस एवं विभागीय अधिकारियों की उपस्थिति में पीस कमेटी की बैठकें आयोजित कराने के निर्देश दिए। जिलाधिकारी ने जनपदवासियों से अपील की कि वे आपसी सौहार्द और सामाजिक सद्भाव बनाए रखते हुए त्योहार मनाएं तथा शांति व्यवस्था बनाए रखने में प्रशासन का सहयोग करें।

बैठक में अपर जिलाधिकारी वित्त एवं राजस्व अरुण कुमार सिंह, अपर पुलिस अधीक्षक गिरीश कुमार, उप जिलाधिकारी सदर संजय कुमार, उप जिलाधिकारी अमृतपुर श्वेता साहू, उप जिलाधिकारी कायमगंज अभिषेक वर्मा, समस्त पुलिस क्षेत्राधिकारी, नगर पालिका के अधिशासी अधिकारी विनोद कुमार, लोक निर्माण विभाग के अधिशासी अभियंता मुरलीधर सहित संबंधित अधिकारी एवं पीस कमेटी के सदस्य उपस्थित रहे।

Nation Station News nationstationnews.com

[wps_visitor_counter]