- जनता दरबार में 1.20 लाख रुपये की आर्थिक सहायता वितरित, आपदा प्रभावितों की मदद के लिए अधिकारियों को दिए निर्देश
रामपुर से शाहबाज़ खान, जिला संवाददाता
रामपुर। बारिश के कारण मकान गिरने से प्रभावित परिवारों को राहत पहुंचाने के लिए जिला प्रशासन ने आर्थिक सहायता उपलब्ध कराई है। जिलाधिकारी अजय कुमार द्विवेदी ने जनता दरबार में तीन पात्र लाभार्थियों को कुल एक लाख बीस हजार रुपये की सहायता राशि के चेक वितरित किए। सहायता मिलने पर प्रभावित परिवारों ने जिला प्रशासन का आभार जताया।
जिले में बारिश के दौरान कई परिवारों के मकान क्षतिग्रस्त हो गए थे, जिससे उनके सामने रहने की समस्या खड़ी हो गई थी। प्रभावित परिवारों को राहत देने के लिए प्रशासन की ओर से सर्वे कराया गया और पात्र लाभार्थियों को चिह्नित किया गया। जांच प्रक्रिया पूरी होने के बाद शासन के निर्देशों के अनुरूप सहायता राशि उपलब्ध कराई गई।
चेक प्राप्त करने वाले परिवारों ने कहा कि मकान गिरने के बाद उन्हें आर्थिक कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा था। ऐसे समय में प्रशासन की ओर से मिली सहायता उनके लिए काफी उपयोगी साबित होगी।
जिलाधिकारी अजय कुमार द्विवेदी ने कहा कि शासन की मंशा के अनुरूप आपदा से प्रभावित पात्र लोगों को समय से राहत उपलब्ध कराना जिला प्रशासन की प्राथमिकता है। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए कि बारिश और अन्य आपदाओं से प्रभावित पात्र परिवारों को नियमानुसार सहायता देने में किसी प्रकार की लापरवाही न बरती जाए।
जिला प्रशासन के अनुसार, जनहित से जुड़े मामलों में पात्र लोगों तक सरकारी योजनाओं और राहत सहायता का लाभ पहुंचाने के लिए लगातार कार्रवाई की जा रही है।
विजुअल: जिलाधिकारी द्वारा लाभार्थियों को सहायता राशि के चेक वितरित करते हुए दृश्य।


