- तीन बाइक सवार हमलावरों ने बरसाईं गोलियां, वारदात के बाद फरार; एसपी ने गठित कीं पुलिस की कई टीमें
रामपुर। उत्तर प्रदेश के रामपुर में डिबडिबा क्षेत्र में दिनदहाड़े गोलीबारी की घटना से सनसनी फैल गई। वाइन शॉप के सामने बाइक सवार तीन अज्ञात हमलावरों ने 30 वर्षीय संदीप उर्फ सनी ठाकुर की गोली मारकर हत्या कर दी। मृतक को हिस्ट्रीशीटर बताया जा रहा है। वारदात के बाद आरोपी मौके से फरार हो गए।
जानकारी के मुताबिक, संदीप वाहन से शराब लेने के लिए दुकान पर गया था। इसी दौरान बाइक सवार तीन हमलावरों ने उस पर फायरिंग कर दी। हमलावरों ने कथित तौर पर तीन गोलियां मारीं, जिनमें सिर पर लगी गोलियां जानलेवा साबित हुईं। घटना के बाद इलाके में अफरा-तफरी मच गई।
सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल भेज दिया। पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण करते हुए मामले की जांच शुरू कर दी है। शुरुआती जानकारी में हत्या के पीछे आपसी रंजिश की आशंका जताई जा रही है, हालांकि इसकी आधिकारिक पुष्टि जांच के बाद ही होगी।
एसपी रामपुर ने संभाली जांच की कमान
घटना की गंभीरता को देखते हुए रामपुर के एसपी अनिल कुमार सिसोदिया मौके पर पहुंचे और जांच-पड़ताल की। एसपी ने बताया कि आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस की कई टीमें गठित की गई हैं। पुलिस हमलावरों की पहचान कर उनकी तलाश में जुटी है।
रिपोर्ट: शाहबाज़ खान, जिला संवाददाता — रामपुर
वीडियो विजुअल: घटनास्थल, पुलिस जांच और संबंधित दृश्य।


