सीएम योगी ने 659 करोड़ की योजनाओं की दी सौगात,बोले-संभल का अयोध्या और काशी की तर्ज पर करेंगे विकास

Picture of nationstationnews

nationstationnews

 

  • सीएम ने जोर देकर कहा कि उनकी सरकार अब इन 68 तीर्थों और 19 कूपों के पुनरोद्धार की जिम्मेदारी उठाएगी
  • 659 करोड़ की योजनाओं की दी सौगात,बोले-संभल का अयोध्या और काशी की तर्ज पर करेंगे विकास

न्यूज़ डेस्क
संभल
।उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ गुरुवार को संभल हिंसा के बाद यहां पहली बार दौरे पर पहुंचे। सीएम ने जिले के बहजोई में 659 करोड़ रुपए की 222 विकास परियोजनाओं की सौगात देते हुए लोकार्पण और शिलान्यास किया।इस दौरान एक विशाल जनसभा को संबोधित करते हुए सीएम ने संभल के धार्मिक विरासत के संरक्षण,ऐतिहासिक अन्यायों और राजनीतिक विरोधियों पर तीखे हमले किए हैं।

सीएम योगी ने जिले को मिली विकास परियोजनाओं के लिए जनपदवासियों को बधाई दी और कहा कि ये सौगातें आने वाले समय में सम्भल के सामाजिक,सांस्कृतिक और आर्थिक विकास की दिशा को एक नई गति देंगी। सीएम ने कहा कि संभल को भगवान कल्कि के अवतार की भूमि के रूप में विकसित किया जाएगा।संभल का आयोध्या और काशी की तर्ज पर विकास करेंगे।

सीएम योगी ने अपने संबोधन में रक्षाबंधन और श्रीकृष्ण जन्माष्टमी की शुभकामनाएं दी। सीएम ने कहा कि रक्षाबंधन केवल भाई-बहन के प्रेम का पर्व नहीं,बल्कि सनातन संस्कृति के सामाजिक और आध्यात्मिक मूल्यों का प्रतीक है।सरकार ने इस पावन पर्व पर प्रदेश की बहनों को निःशुल्क बस यात्रा की सुविधा देने का निर्णय लिया है,जो डबल इंजन सरकार की ओर से बहनों के लिए एक विशेष उपहार है।

सीएम योगी ने कहा कि संभल वर्षों से जिला मुख्यालय की मांग करता रहा है,अब वह सपना साकार हो रहा है। सीएम ने कहा कि 288 करोड़ की लागत से नई पुलिस लाइन की स्थापना हो रही है, इंटीग्रेटेड ऑफिस कॉम्प्लेक्स तैयार किया जा रहा है,जिससे जिले के सभी प्रमुख कार्यालय एक ही स्थान पर संचालित होंगे।सम्भल को पर्यटन,अध्यात्म और बुनियादी सुविधाओं के क्षेत्र में विशेष पहचान दी जाएगी।

सीएम योगी ने कहा कि संभल कोई साधारण भूमि नहीं है, बल्कि यह वही पावन भूमि है,जिसका उल्लेख श्रीमद्भागवत महापुराण,स्कंद पुराण और विष्णु पुराण में किया गया है। सीएम ने कहा कि यही वह स्थान है,जहां भगवान विष्णु का दसवां अवतार – कल्कि अवतार होने की भविष्यवाणी की गई है।संभल को भगवान कल्कि के अवतार की भूमि के रूप में विकसित किया जाएगा।

सीएम योगी ने पूर्व सरकारों को आड़े हाथों लेते हुए कहा कि कभी संभल में दंगे होते थे,अराजकता फैलती थी,शोषण होता था,न बेटी सुरक्षित होती थी,न व्यापारी,पूर्ववर्ती सरकारों ने तुष्टीकरण और वोट बैंक की राजनीति के चलते सम्भल को दंगाइयों के हवाले कर दिया था।सीएम ने कहा कि अब हर यूपी वासी सुरक्षित है,केवल दंगाई नहीं,उनके ऊपर महाकाल अपना असर दिखा रहे हैं। अब वह अपनी गति को दुर्गति में बदल रहा है।

सीएम योगी ने कांग्रेस और सपा निशाना साधते हुए कहा कि याद करना संभल के साथ सपा और कांग्रेस ने कौन-कौन से पाप यहां किए हैं। सीएम ने कहा कि कांग्रेस ने यहां सामूहिक हत्याएं कराईं और उसके चेले के रूप में सपा ने हत्यारों को बचाने का काम किया है। सीएम ने कहा कि आजादी के बाद जो कत्लेआम हुए,उसकी सच्चाई सामने आ जाती तो उनके वोट बैंक खिसकने का भय था।सीएम ने कहा कि हम वोटबैंक के लिए नहीं, विरासत के संरक्षण के लिए यहां आए हैं। जो भारत और भारतीयता को कलंकित करने का कार्य करेंगे, उन्हें ऐसा सबक सिखाएंगे कि उनकी आने वाली पीढ़ियां याद करेंगी कि किन लोगों से टकराए हैं।

सीएम योगी ने कहा कि हर जिले में मेडिकल कॉलेज, स्मार्ट क्लास,डिजिटल लाइब्रेरी,कंपोजिट विद्यालय बनाए जा रहे हैं। हर गरीब को 5 लाख रुपए तक का आयुष्मान भारत स्वास्थ्य बीमा और मुफ्त राशन की सुविधा दी जा रही है। सीएम ने कहा कि पिछले 8 वर्षों में 8.5 लाख युवाओं को नौकरी मिली है, बिना जाति-पाति देखे, सिर्फ योग्यता के आधार पर।उत्तर प्रदेश आज देश की दूसरी सबसे बड़ी अर्थव्यवस्था बन चुका है।

सीएम योगी ने संभल की ऐतिहासिक सच्चाई को उजागर करते हुए विदेशी आक्रांताओं पर जमकर हमला बोला।सीएम ने कहा कि संभल में कभी 68 तीर्थ,19 पावन कूप और परिक्रमा मार्ग थे,लेकिन विदेशी बर्बर आक्रांताओं ने हमारे तीर्थों को अपवित्र और नष्ट करने का कार्य किया,सभी कूपों और तीर्थों पर कब्जे हो गए,24 और 84 कोस परिक्रमा मार्ग को बाधित किया गया।एक सत्य को छिपाने का कुत्सित प्रयास किया गया।इस अन्याय को कुत्सित चेष्टा बताते हुए सीएम ने जोर देकर कहा कि उनकी सरकार अब इन 68 तीर्थों और 19 कूपों के पुनरोद्धार की जिम्मेदारी उठाएगी।

लोकमाता अहिल्याबाई होल्कर का उदाहरण देते हुए सीएम योगी ने कहा कि जैसे उन्होंने काशी विश्वनाथ और सोमनाथ मंदिरों का पुनरोद्धार किया,वैसे ही संभल के तीर्थों को भी नया जीवन दिया जाएगा।सीएम ने कहा कि विकास तभी सार्थक होता है जब वह विरासत के साथ जुड़ता है, ये विरासत का संरक्षण भी है और वर्तमान एवं भविष्य के सुनहरे सपने को उड़ान देने का अभियान है।सीएम ने कहा कि सम्भल को धार्मिक पर्यटन केंद्र के रूप में विकसित किया जाएगा और भगवान कल्कि की पावन धरा के रूप में इसकी पहचान बनाई जाएगी।

सीएम योगी ने कहा कि कुछ लोगों को ये विवादित विषय लगता होगा,क्योंकि जिनकी पृष्ठभूमि ही विवादित है,उन्हें हिंदू परंपरा में विवाद नजर आता है। मगर ये विवाद का विषय नहीं हो सकता है।सीएम ने स्पष्ट रूप से उन लोगों पर निशाना साधा जो हिंदू विरासत को विवादित बनाने की कोशिश करते हैं और चेतावनी दी कि ऐसे कुत्सित प्रयासों को ध्वस्त किया जाएगा।

सीएम योगी ने कहा कि संभल की सच्चाई को छिपाने वाले गलत मंसूबों को ध्वस्त किया जाएगा और संभल के साथ पाप करने वालों को उनके पापों की सजा मिलेगी।संभल के विकास को बाधित करने वालों को कीमत चुकानी पड़ेगी। सनातन धर्म के पवित्र स्थलों को अपवित्र करने वालों को कीमत चुकानी पड़ेगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Our Visitor

1 0 7 9 1 4
Total Users : 107914
Total views : 131099